यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली की इस सीट पर होगा दिलचस्प मुकाबला, AAP-BJP ने बदले उम्मीदवार
Delhi Chunav 2025 पटेल नगर विधानसभा सीट पर आप और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की अदला-बदली कर दी है जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पिछले चुनाव में आमने ...और पढ़ें

HighLights
- आप के विधायक रहे राजकुमार आनंद भाजपा और भाजपा से चुनाव लड़े प्रवेश रतन बने आप प्रत्याशी।
- यहां से लगातार छह विधानसभा चुनाव से नहीं खिला कमल, पिछली तीन बार से जमकर चला झाड़ू।
अजय राय, नई दिल्ली। delhi vidhan sabha chunav 2025: पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक बिसात पर आप और भाजपा ने अपने मोहरों की अदला बदली कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। पिछली बार विस चुनाव में जिन दोनों उम्मीदवारों में टक्कर हुई थी, अब वे दलबदल कर फिर से आमने सामने हैं।
इस सुरक्षित सीट से पिछली बार झाड़ू के साथ उतरने वाले राजकुमार आनंद (Raajkumar Anand) इस बार कमल खिलाने के लिए मैदान हैं तो वर्ष 2020 में इसी सीट से 30 हजार से अधिक मतों से पराजित होने वाले भाजपा उम्मीदवार प्रवेश रतन इस बार आप प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमा रहे हैं।
भाजपा ने पहले भी ऐसे उम्मीदवारों को दिया मौका
दल और दिल बदलने के महासमर में कांग्रेस (Delhi Congress) ने अपना उम्मीदवार अभी घोषित नहीं किया, लेकिन पंजा छाप का प्रत्याशी आने के बाद मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। पटेल नगर विस क्षेत्र से भाजपा ने पहले भी दलबदल कर आने वाले उम्मीदवार को मौका दिया है।
वर्ष 2015 के विस चुनाव में कृष्णा तीरथ ने कांग्रेस छोड़ इस सीट से भाजपा के टिकट पर किस्मत आजमाया था। वे आप उम्मीदवार हजारी लाल से 34 हजार से अधिक मतों से हारी थीं। फिर वर्ष 2020 में कृष्णा कांग्रेस में लौटीं और यहीं से चुनाव मैदान में उतरकर लगातार दूसरी बार हार का सामना किया।
खबरें और भी
कांग्रेस और आप का रहा दबदबा
इस सीट पर वर्ष 1993 में पहली बार कमल खिला था। उसके बाद छह विस चुनाव हो चुके हैं, जिसमें तीन बार कांग्रेस और पिछले तीन बार (2013 से) से आप का दबदबा है। यहां से आप के टिकट पर पति-पत्नी राजकुमार आनंद (वर्ष 2020) और वीणा आनंद (वर्ष 2013) में चुनाव जीत चुके हैं।
राजकुमार आनंद दिल्ली सरकार में मंत्री भी रहे, लेकिन बीते वर्ष के लोस चुनाव से पहले पार्टी छोड़कर बसपा से लोस चुनाव में नई दिल्ली क्षेत्र से महासमर में उतरे थे, लेकिन महज साढ़े पांच हजार वोट पाकर बड़ी पराजय झेलनी पड़ी।
बताते चलें कि नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में आने वाले पटेल नगर इलाके से राजकुमार सिर्फ 1,179 वोट पा सके थे। दल और दिल बदलते हुए सितंबर में राजकुमार भाजपा में शामिल हो गए।
कयासों के बीच इस बार भाजपा (Delhi BJP) से इसी क्षेत्र से टिकट पाने में कामयाब रहे। इससे बौखलाई आप ने भी मौका देखकर दिसंबर 2024 में भाजपा नेता प्रवेश रतन को पार्टी में शामिल कर हिसाब बराबर कर दिया।
चारों निगम वार्ड में हैं आप के पार्षद
विधानसभा के गठन के साथ ही 1993 में अस्तित्व में आए पटेल नगर विस क्षेत्र में नगर निगम के चार वार्ड हैं और सभी पर आप पार्षद हैं। इसी क्षेत्र के ईस्ट पटेल नगर वार्ड से पूर्व महापौर डा. शैली ओबेरॉय भी पार्षद हैं।
इसके साथ ही रणजीत नगर वार्ड से अंकुश नारंग, फरीदपुरी वार्ड से कविता चौहान और प्रेम नगर-बलजीत नगर वार्ड से रोनाक्षी शर्मा पार्षद हैं। इस क्षेत्र में पाश के साथ ऐसी कालोनियां भी हैं जहां बुनियादी सुविधाओं के लिए लोग तरस रहे हैं।