विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिनेश अरोड़ा और सिसोदिया के बीच की कड़ी थे संजय सिंह, ED ने सांसद पर लगाए हैं ये आरोप; अब सामने आ रहे छिपे राज

By Rakesh Kumar SinghEdited By: Geetarjun
Published: Thu, 05 Oct 2023 08:01 PM (IST)

आबकारी घोटाले (Delhi Excise Policy) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में ईडी (ED) की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ ...और पढ़ें

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और आप नेता मनीष सिसोदिया।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और आप नेता मनीष सिसोदिया।

HighLights

  1. आबकारी घोटाले की लगातार खुल रही हैं परतें, सामने आ रहे छिपे राज।
  2. 2020 में पहली बार संजय सिंह के आवास पर हुई थी शराब कारोबारी अमित अरोड़ा व दिनेश अरोड़ा की मुलाकात।
  3. अपने कुछ खास लोगों को शराब के धंधे में शामिल करने की शर्त पर संजय सिंह ने दिनेश की सिसोदिया व अन्य करीबियों से कराई थी मुलाकात।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। आबकारी घोटाले (Delhi Excise Policy) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में ईडी (ED) की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, उसके साथ ही कई राज से पर्दा उठने लगा है। जांच में सामने आया है कि दक्षिण भारत की लॉबी के अलावा शराब और रेस्तरां कारोबारी दिनेश अरोड़ा और आप (AAP) नेता और दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बीच की कड़ी राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ही थे।

शराब कारोबारी दिनेश अरोड़ा

दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) से पहले किसी माध्यम से संजय सिंह को जब दिनेश अरोड़ा के बारे में पता चला था, तब उन्होंने उससे बात कर पार्टी के लिए फंड एकत्र करने का अनुरोध किया था। उसी के बाद 2020 में पहली बार दिनेश अरोड़ा और अमित अरोड़ा ने संजय सिंह के सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी।

सिसोदिया से मुलाकात कराने से पहले संजय सिंह ने रखी थी ये शर्त

उनके बीच फंड एकत्र करने को लेकर घंटों चर्चा हुई थी। दिनेश अरोड़ा ने जब मनीष सिसोदिया और अन्य से परिचय कराने की मंशा जाहिर की, तब संजय सिंह ने उसके सामने शर्त रखते हुए कहा था कि वह पहले उनके कुछ खास लोगों को रेस्तरां और शराब के कारोबार में शामिल करें, उसके बाद उसकी मनीष सिसोदिया से मुलाकात कराई जाएगी। शर्त मानते हुए अरोड़ा ने संजय सिंह के कुछ खास लोगों को अपने कारोबार में शामिल कर लिया था। ईडी ने अपनी चार्जशाीट में इन बातों का जिक्र किया है।

फिर शुरू हो गया बैठकों का दौर

आरोप पत्र में कहा गया है कि दिनेश अरोड़ा ने अमित अरोड़ा को विवेक त्यागी से भी मिलवाया था। विवेक त्यागी, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह का करीबी है। धीरे-धीरे इनकी बैठकें होनीं शुरू हो गईं थी। एक बैठक में दिनेश अरोड़ा और अमित अरोड़ा के अलावा सर्वेश मिश्रा, अजीत त्यागी (संजय सिंह का निजी सचिव) और विवेक त्यागी भी शामिल हुए थे।

सिसोदिया से कैसे हुई मुलाकात

सजंय सिंह के घर अमित अरोड़ा की कई बार बैठक हुई थी। मनीष सिसोदिया से अरोड़ा की मुलाकात एक डाक्युमेंट्री तैयार करने की बात पर हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने अपने-अपने लाभ की बातें साझा की थीं।

आबकारी नीति बनवाने में शामिल थे संजय सिंह

ईडी सूत्रों के अनुसार, सजंय सिंह, आबकारी नीति बनवाने में भी शामिल थे। जिसके लिए संजय सिंह को मोटा कमीशन मिलना था। आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ में जो नए सुबूत मिले, ईडी ने सीबीआई को लिखित में उसकी जानकारी दी थी।

अगस्त 2022 में केस दर्ज, सितंबर में पहली गिरफ्तारी

ईडी के मुताबिक, दिनेश अरोड़ा के अलावा कई और लोगों ने संजय सिंह का नाम लिया है। वे सभी भी ईडी के जांच के दायरे में हैं। सीबीआई ने अगस्त 2022 में आबकारी घोटाला मामले में केस दर्ज किया था। पहली गिरफ्तारी सितंबर में विजय नायर की हुई थी। 25 नवंबर को सीबीआई ने पहली बार आरोप पत्र दायर किया था।

अगस्त 2022 में ईडी की हुई एंट्री

जांच में करोड़ों के लेनदेन की बात सामने आने के बाद ईडी ने 23 अगस्त 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत भी केस दर्ज कर लिया था। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने बीते 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। उसके बाद मार्च में ईडी ने अपने केस में उन्हें गिरफ्तार किया था।

अप्रैल में सीएम केजरीवाल से भी हुई पूछताछ

इससे माना जा रहा है कि ईडी की जांच पूरी होने के बाद संजय सिंह को सीबीआई भी गिरफ्तार कर सकती है। बीते अप्रैल में सीबीआई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी पूछताछ की थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी अब तक चार आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।

अब तक 22 आरोपी हुआ गिरफ्तार

ईडी संजय सिंह समेत 22 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। आबकारी घोटाला मामले में दक्षिण भारत की लॉबी के तीन लोगों ने कारोबारियों की तरफ से आप नेताओं से डील की थी, जिससे बाद 100 करोड़ रुपये आए थे, जिनमें 31 करोड़ रुपये दिनेश अरोड़ा ने हवाला के जरिये पार्टी नेताओं को गोवा चुनाव में खर्च करने के लिए भेजे थे।

ये भी पढ़ें- Delhi Excise Policy: सिसोदिया के बाद AAP के दूसरे बड़े नेता की गिरफ्तारी, जानिए संजय सिंह पर क्या हैं आरोप

आबकारी घोटाले के किरदार

  • विजय नायर (साउथ ग्रुप का सदस्य)
  • समीर महेंदू (इंडो स्प्रिट के मालिक)
  • अमित अरोड़ा (बद्दी रिटेल के मालिक)
  • राघव माटुंगा (साउथ ग्रुप का सदस्य)
  • पी शरत रेड्डी (अरविंदो ग्रुप के प्रमोटर)
  • अभिषेक बोनापल्ली (साउथ ग्रुप का सदस्य)
  • बुची बाबु (के. कविथा के पूर्व सीए)
  • बेनाय बाबू (रिकॉर्ड इंडिया का क्षेत्रीय प्रमुख)
  • गौतम मल्होत्रा (अकाली दल के पूर्व विधायक दीपक मल्होत्रा का कारोबारी बेटा)
  • राजेश जोशी (डायरेक्टर चेरिटेबल प्रोडक्शन)

ये भी पढ़ें- 82 लाख, अनप्लग्ड रेस्तरां और दिनेश अरोड़ा... संजय सिंह की गिरफ्तारी और शराब नीति Scam से क्या है इनका कनेक्शन

आबकारी केस के तीन सरकारी गवाह

दिनेश अरोड़ा (राधा इंडस्ट्रीज का डायरेक्टर),  राघव माटुंगा, शरत रेड्डी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।