विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केजरीवाल के संघर्ष के साथी, बिछड़े सभी बारी-बारी; कैलाश गहलोत से पहले ये नेता भी छोड़ चुके हैं AAP

Published: Mon, 18 Nov 2024 12:07 PM (IST)

कैलाश गहलोत ने दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ...और पढ़ें

कैलाश गहलोत के साथ सेल्फी लेते अरविंद केजरीवाल। फोटो सौजन्य-सोशल मीडिया
कैलाश गहलोत के साथ सेल्फी लेते अरविंद केजरीवाल। फोटो सौजन्य-सोशल मीडिया

HighLights

  1. पिछले नौ साल में राज्य सरकार के 10 मंत्री दे चुके हैं इस्तीफा या जबरन हटाए गए
  2. लोकसभा चुनाव के ठीक पहले मंत्री राजकुमार आनंद ने भी दिया था त्यागपत्र

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वर्ष 2015 से अब तक पार्टी के कई मंत्री और विधायक भी विवादों में आ चुके हैं, कुछ मंत्रियों को पद से हटाया गया तो कुछ ने पार्टी छोड़ दी। पार्टी के कई नेताओं ने भी आप से दूरी बनाई है। पिछले नौ साल में 10 मंत्रियों ने आप की सरकार से इस्तीफा दिया है या उनसे जबरन लिया गया है।

विवादों के बीच कई नेता कर गए AAP से किनारा

आम आदमी पार्टी (आप) गठन के बाद से जिस तरह आगे बढ़ी है, विवाद भी साथ रहे हैं। इन्हीं विवादों के बीच आप के कई अपने पार्टी से किनारा कर गए। इसकी शुरुआत वर्ष 2015 से ही हो गई थी, जब आप की दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी। उस समय पहला घटनाक्रम तब सामने आया था, जब उस समय के कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को आप ने फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार होने के बाद 9 जून 2015 को मंत्री पद से हटा दिया था।

संदीप कुमार को सेक्स सीडी कांड में किया था बर्खास्त

केजरीवाल की सरकार में वर्ष 2015 में सुल्तानपुर माजरा से विधायक चुने गए संदीप कुमार को एक सेक्स सीडी कांड में शामिल होने का आरोप लगने के बाद 31 अगस्त 2016 को मंत्रिमंडल और पार्टी दोनों से बर्खास्त कर दिया था। इनके बाद अक्टूबर 2015 में खाद्य आपूर्ति मंत्री आसिम अहमद खान, 15 मई 2017 को जल मंत्री कपिल मिश्रा को पद से हटा दिया गया था।

गूगल ट्रेंड में कैलाश गहलोत

दिल्‍ली में मंत्री पद और आम आदमी पार्टी की सदस्‍यता से इस्‍तीफा देने के बाद से कैलाश गहलोत लगातार गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं। रविवार से ही कैलाश गहलोत को लेकर सर्च ग्राफ लगतार ऊपर की ओर जा रहा है।

दिल्‍ली समेत देश भर में सर्च कर रहे लोग

कैलाश गहलोत के बारे में दिल्‍ली के लोग तो गूगल पर सर्च कर ही रहे हैं। दिल्‍ली के अलावा, बिहार, उत्‍तर प्रदेश, त्रिपुरा और मध्‍य प्रदेश समेत देश भर में लोग कैलाश गहलोत कीवर्ड से गूगल पर सर्च कर रहे हैं।

गहलोत के इस्तीफे के बाद इन कीवर्ड से बढ़ा सर्च

कैलाश गहलोत के लगातार गूगल पर ट्रेंड करने के साथ ही यूजर कई और कीवर्ड से भी उनके बारे में सर्च कर रहे हैं। जैसे- कैलाश गहलोत आप, कैलाश गहलोत इस्‍तीफा, कैलाश गहलोत आप न्‍यूज, आप, बीजेपी, आम आदमी पार्टी, रिजाइन, बीजेपी ऑफिस आदि कीवर्ड भी गूगल पर ट्रेंड करने लगे हैं।

राजेंद्र पाल गौतम ने क्यों दिया था इस्तीफा?

अक्टूबर 2022 में मूर्ति पूजा विवाद के बाद समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने इस्तीफा दे दिया था। अब आप को छोड़कर वह कांग्रेस में जा चुके हैं। जेल जाने के चलते कई विभागों के मंत्री रहे सत्येंद्र जैन और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मार्च 2023 में सरकार से इस्तीफा दे चुके हैं।

छतरपुर से विधायक करतार सिंह भी छोड़ चुके साथ

गत 10 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के ठीक पहले उस समय के दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने भी इसी तरह मंत्री पद के साथ पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद दक्षिणी दिल्ली की छतरपुर सीट से विधायक करतार सिंह भी गत 24 सितंबर को आप छोड़ चुके हैं।

ये बड़े नेता भी पार्टी से हो चुके हैं दूर

अप्रैल 2015 में पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और प्रो. आनंद कुमार को आप से निष्कासित कर दिया गया। बाद में बड़े नेताओं में अंतिम बार 2018 में पार्टी छोड़ने वालों में नेता आशीष खेतान रहे हैं। इससे कुछ समय पहले ही आशुतोष ने आप छोड़ दी थी। कुमार विश्वास ने भी आप से दूरी बना ली थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।