Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Election: BJP ने 58 प्रत्याशियों में सिर्फ 7 महिलाओं को दिया टिकट, पार्टी ने 12 मौजूदा पार्षदों पर जताया भरोसा

    Updated: Sun, 12 Jan 2025 07:44 AM (IST)

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने 29 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस बार पार्टी ने 7 महिलाओं को टिकट दिया है। पहली सूची में भी दो ...और पढ़ें

    BJP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुल 58 उम्मीदवारों में 7 महिलाओं को दिया टिकट।
    BJP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुल 58 उम्मीदवारों में 7 महिलाओं को दिया टिकट।

    HighLights

    1. भाजपा ने 29 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की, पार्षदों पर विश्वास
    2. अब तक घोषित 58 प्रत्याशियों में सात महिलाओं को भी मिला टिकट

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 29 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इससे पहले चार जनवरी को 29 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे। इस तरह से 70 में से 58 प्रत्याशी सामने आ चुके हैं।

    पार्टी ने विधायक मोहन सिंह बिष्ट का टिकट काटकर करावल नगर से प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। पांच महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पहली सूची में भी दो महिलाओं के नाम शामिल थे।

    2020 में जदयू के दिए सीट पर निर्णय नहीं

    भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में शुक्रवार रात को हुई थी जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए थे। बैठक में हुई चर्चा के बाद शनिवार रात 29 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में बुराड़ी व संगम विहार सीट जनता दल यूनाइटेड को दी गई थी। इस बार अभी तक इन दोनों सीट को लेकर निर्णय नहीं हुआ है।

    मोहन सिंह बिष्ट को हरा चुके हैं कपिल मिश्रा

    भाजपा के इस समय सात विधायक हैं। पहली सूची में भाजपा विधायकों वाले पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई थी। गांधीनगर से अनिल वाजपेयी को छोड़कर अन्य सभी चार सीटों पर विधायकों को फिर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। दूसरी सूची में भी एक विधायक का टिकट काट दिया गया। कपिल मिश्रा वर्ष 2015 में आप के टिकट पर करावल नगर से मोहन सिंह बिष्ट को हरा चुके हैं। पिछली बार उन्हें मॉडल टाउन से टिकट दिया गया था, लेकिन वह हार गए थे।

    खबरें और भी

    आप की बागी प्रियंका गौतम को कोंडली से टिकट

    करावल नगर से बिष्ट विधायक चुने गए थे। इस बार उनकी जगह इस सीट से कपिल मिश्रा को चुुनाव लड़ाने का निर्णय लिया गया है। पार्टी ने कांग्रेस भाजपा में आने वाले पूर्व विधायक नीरज बसोया को कस्तूरबा नगर से टिकट दिया है। वह पहले भी इस सीट से विधायक रह चुके हैं। कुछ दिनों पहले आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली पार्षद प्रियंका गौतम को पार्टी ने कोंडली से अपना उम्मीदवार बनाया है। अब तक पार्टी ने सात महिलाओं को टिकट दिया है।

    दूसरी सूची में 9 पार्षदों के नाम शामिल

    भाजपा ने दो मनोनीत सहित 12 पार्षदों एवं तीन पूर्व पार्षदों पर विश्वास जताते हुए उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। पहली सूची में तीन पार्षदों को टिकट दिया गया था। दूसरी सूची में नौ पार्षदों के नाम शामिल हैं। पार्षद गजेंद्र दराल मुंडका से, मनोज कुमार जिंदल सदर बाजार से, कमल बांगड़ी बल्लीमरान से, उर्मिला कैलाश गंगवाल मादीपुर से, उमंग बजाज राजेंद्र नगर से, प्रियंका गौतम कोंडली से, नीलम पहलवान नजफगढ़ से, अनिल गौड़ सीलमपुर से और रोहतास बिधूड़ी (मनोनीत) तुगलकाबाद से चुनाव लड़ेंगे।

    पूर्वांचल पृष्ठभूमि वाले नेताओं को भी टिकट

    पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में पूर्वांचलियों को लेकर खूब राजनीति हो रही है। भाजपा ने पूर्वांचल पृष्ठभूमि वाले अभय वर्मा, कपिल मिश्रा, बजरंग शुक्ला, डा. पंकज सिंह, प्रद्युम्न सिंह को टिकट दिया है।

    भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा को नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा पहले ही कर दी है। दूसरी सूची में मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के पुत्र हरीश खुराना को मोती नगर से प्रत्याशी बनाया गया है। दो से तीन बार चुनाव हारने वाले नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है।

    यह भी पढ़ें- Delhi Election: BJP की दूसरी सूची में एक मौजूदा विधायक का कटा टिकट, एक और पूर्व CM का बेटा मैदान में