विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच होगी नए साल की शुरुआत, चलेंगी तेज हवाएं; यलो अलर्ट जारी

Published: Tue, 31 Dec 2024 06:00 AM (GMT+05:30)

नए साल की शुरुआत दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ होगी। मौसम विभाग ने बुधवार को ...और पढ़ें

कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच होगी नए साल की शुरुआत।
कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच होगी नए साल की शुरुआत।

HighLights

  1. नए साल की शुरुआत भी इस बार कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच होगी
  2. सुबह और रात के समय स्मॉग एवं मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना
  3. दिनभर 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत भी इस बार कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच ही होगी। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को सुबह और रात के समय स्मॉग एवं मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। हालांकि आसमान साफ रहेगा, लेकिन 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं अधिकतम तापमान 17 डिग्री जबकि न्यूनतम नौ डिग्री रह सकता है। यलो अलर्ट भी जारी हो चुका है।

इस बीच सोमवार को भी दिल्ली में दिन भर ठिठुरन भरी ठंड बनी रही। दिन में हल्की धूप भी निकली, लेकिन उससे गलन ज्यादा कम नहीं हुई। दिल्ली के बहुत से इलाकों में कोल्ड डे से गंभीर श्रेणी के कोल्ड डे वाली स्थिति देखने को मिली। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ।

सुबह दृश्यता का स्तर केवल 600 मीटर

सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री कम 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा 10.3 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 98 से 74 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग पर सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता का स्तर केवल 600 मीटर तक दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री कम रहने पर कोल्ड डे की स्थिति

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान अगर सामान्य से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री के बीच रहता है और न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री या इससे कम रहता है तो इसे कोल्ड डे की स्थिति कहते हैं। जबकि यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया जाता है तो गंभीर श्रेणी के कोल्ड डे की स्थिति कही जाती है। इस दृष्टि से सोमवार को रिज क्षेत्र व आयानगर में कोल्ड डे जबकि पालम, नजफगढ़, नरेला और पूसा में गंभीर श्रेणी के कोल्ड डे वाले हालात रहे।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। सुबह स्माग एवं धुंध रहने की संभावना है। शाम व रात के वक्त भी यही स्थिति रहेगी। दिन में आसमान साफ बना रहेगा। अलबत्ता कहीं कहीं कोल्ड डे वाले हालात बने रहेंगे। अधिकतम तापमान 15 डिग्री जबकि न्यूनतम आठ डिग्री रह सकता है।

दिल्ली के अलग अलग इलाकों का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

इलाका अधिकतम न्यूनतम
सफदरजंग 15.0 (-5.4) 10.3 (3.5)
पालम 13.0 (-7.4) 8.6 (1.0)
रिज क्षेत्र 14.9 (-4.8) 9.0 (2.0)
आया नगर 14.2 (-5.1) 9.4 ( 3.0)
नजफगढ़ 13.1 (-7.3) 10.0 ( 3.0)
नरेला 13.3 (-7.1) 10.0 ( 3.0)
पूसा 12.8 (-7.6) 9.7 (3.0)

अधिकतम औसत ने तीन साल जबकि न्यूनतम औसत ने तोड़ा दो साल का रिकॉर्ड

इस दिसंबर ने वर्षा में ही नहीं बल्कि तापमान की दृष्टि से भी रिकार्ड कायम किया है। माह का औसत अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा है जो 2021 के बाद यानी तीन सालों में सबसे कम है। 2021 में यह 22.4 डिग्री रहा था। इसी तरह इस दिसंबर का औसत न्यूनतम 8.4 रहा है जो 2023 की 2022 के बाद सबसे कम है। 2022 में यह 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। कोल्ड डे 2020 में चार रहे थे। उसके बाद 2021, 22 और 23 में एक भी नहीं रहा जबकि इस साल एक दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में खरीदें अच्छा घर, DDA की योजना को मंजूरी; इन लोगों को कीमत में मिलेगी 25 प्रतिशत की छूट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।