विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में तेज बारिश से गिरा चार डिग्री तापमान, अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी

Published: Thu, 01 Feb 2024 04:00 AM (IST)Updated: Thu, 01 Feb 2024 09:37 AM (IST)

तेज हवा के साथ हुई वर्षा ने बुधवार को एक बार फिर राजधानी के मौसम का मिजाज बदल दिया। बढ़ते ...और पढ़ें

दो दिन के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी। (फोटो- एएनआई)
दो दिन के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी। (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. दिन भर दिल्ली में छाए रहे बादल, तेज हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं हुई तेज बरसात।
  2. सुबह कोहरे ने किया परेशान, आईजीआई एयरपोर्ट पर घंटों तक शून्य रहा दृश्यता का स्तर।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। तेज हवा के साथ हुई वर्षा ने बुधवार को एक बार फिर राजधानी के मौसम का मिजाज बदल दिया। बढ़ते तापमान पर तो रोक लगी ही, चार डिग्री की गिरावट भी देखने को मिली।

दिनभर बादल छाए रहने और वर्षा होने से ठिठुरन का एहसास भी बढ़ गया। बृहस्पतिवार को भी हल्की वर्षा का यह दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए वर्षा और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

दो दिन बारिश की चेतावनी

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली एनसीआर में कई स्थानों पर हल्की वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि एक पैच रोहतक और झज्जर से दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। जिस वजह से अगले दो-तीन घंटों तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। इसके साथ ही दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रात भर हल्की-हल्की बारिश हुई और ये दौर सुबह तक जारी रही।

दिल्ली में कैसा रहा मौसम

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बादल तो दिन भर छाए ही रहे। बहुत थोड़े समय के लिए हल्की धूप निकली। एक बजे के बाद फिर बादल घने होने लगे। दोपहर डेढ़ बजे के आसपास तेज हवा के साथ हल्की वर्षा शुरू हो गई। वर्षा का यह दौर रुक रुककर देर शाम तक जारी रहा। कहीं हल्की तो कहीं तेज वर्षा हुई।

कितनी हुई बारिश

शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 8.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि दिसंबर के बाद जनवरी का पूरा महीना भी अभी तक सूखा ही बीता था। पश्चिमी विक्षोभ के असर से माह के अंतिम दिन वर्षा हुई लेकिन तब भी यह सामान्य से काफी कम है। मालूम हो कि माह की सामान्य वर्षा 19.5 मिमी है।

दिल्ली में कहां कितनी हुई वर्षा (मिमी में)

स्थान वर्षा
पालम 7.0
लोधी रोड 9.0
रिज 2.2
आयानगर 2.3
जाफरपुर 6.0
नरेला 2.5
पीतमपुरा 3.0
पूसा 6.0

जनवरी के मौसम से जुड़ी कुछ रोचक जानकारियां

  • 2023-24 के दौरान दिल्ली में दिसंबर और जनवरी में कुल 128 घंटे और 20 दिन घने से अति घना कोहरा रहा।
  • यह पिछले 10 साल के दौरान तीसरा सबसे अधिक कोहरा था। इस दौरान सबसे अधिक कोहरा 2014-15 में छाया था।
  • जनवरी 2024 के दौरान 14 दिन और 88 घंटे कोहरा रहा। यह जनवरी महीने में पिछले दस सालों का दूसरा सबसे लंबा कोहरे का स्पैल है। इससे पहले 2014-15 में जनवरी में सबसे घना कोहरा देखने को मिला था।
  • 1951-2024 के दौरान एक से 30 जनवरी तक दिल्ली का औसत तापमान 17.7 डिग्री रहा। यह पिछले 74 सालों में दूसरी सबसे ठंडी जनवरी है। इससे पूर्व इस दौरान जनवरी 2003 का औसत अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री रहा था।

दिल्ली का तापमान

दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 100 से 87 प्रतिशत तक रहा।

राजधानी का जाफरपुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान सिर्फ 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री कम है। पीतमपुरा में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान का अंतर बहुत ही कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 15. 8 डिग्री सेल्सियस था जबकि, न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घने कोहरा देखने को मिलेगा। दिन में हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हवा की गति 18 से 24 किमी प्रति घंटे तक की हो सकती है। शुक्रवार की सुबह भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसी के चलते मौसम विभाग ने दो दिनों का यलो अलर्ट जारी किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।