Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Chunav 2025: 3 घंटे नींद और 21 घंटे की दौड़, भोजन का भी समय तय नहीं; प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे प्रत्याशी

    Updated: Mon, 03 Feb 2025 10:11 AM (GMT+05:30)

    Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 के प्रचार में उम्मीदवार दिन-रात एक कर रहे हैं। नरेला से भाजपा प्रत्याशी राजकरण खत्री केवल तीन घंटे सो रहे हैं और 21 घंट ...और पढ़ें

    जनसभा के दौरान लोगों से हाथ जोड़कर अभिवादन करते भाजपा प्रत्याशी राजकरण खत्री। सौ. भाजपा
    जनसभा के दौरान लोगों से हाथ जोड़कर अभिवादन करते भाजपा प्रत्याशी राजकरण खत्री। सौ. भाजपा

    HighLights

    1. दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को होगा मतदान
    2. आठ फरवरी को आएंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार अब अंतिम चरण में चल रहा है। ऐसे में प्रत्याशी जनता के बीच भरोसा और विश्वास बनाने के लिए दिनरात एक कर दे रहे हैं। टहलना हो या फिर भोजन करना हर समय प्रत्याशी द्वारा सिर्फ एक ही कोशिश है कि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना और उनसे मिलना।

    इस वजह से ही प्रत्याशियों की दिनचर्या में इन दिनों काफी बदलाव आ गया है। नरेला से भाजपा के प्रत्याशी राजकरण खत्री चुनाव प्रचार की व्यस्तता के चलते केवल तीन घंटे ही नींद ले रहे हैं। जबकि 21 घंटे रैलियों, पदयात्रा, बैठकों और जनसभाओं में देकर लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। यही नहीं वह दोपहर का भोजन कार्यकर्ताओं के साथ कर रहे हैं, जबकि रात में भोजन करने का कोई भी समय तय नहीं है।

    जनसंपर्क करते दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा। 

    भाजपा प्रत्याशी ने बदली दिनचर्चा

    कार में वह अपने हल्का गर्म पानी लेकर चल रहे हैं, ताकि कहीं पर गला सूखे तो वह अपना गला गीला कर सके। वहीं राजकरण खत्री बताते हैं कि मैं सुबह पांच बजे उठ जाता हूं। इसके बाद सात बजे तक घर पर आने वाले लोगों से मुलाकात करता हूं। साढ़े सात बजे के ब्रेकफास्ट कर लेता हूं। इसके बाद क्षेत्र के प्रमुख लोगों से जनसंपर्क करने का सिलसिला शुरू हो जाता है।

    सुबह नौ बजे से पदयात्रा और जनसंपर्क वाले कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। नौ बजे मैं शिव मंदिर कालोनी साफियाबाद बार्डर गया, वहां लोगों के साथ बैठक कर उनके मुलाकात की।

    फिर 10 बजे एक हवन में शामिल हुआ। 10:30 बजे नरेला के राम मंदिर स्थित एक शादी समारोह लोगों से जनसंपर्क किया। 11:30 बजे से लेकर एक बजे तक गढ़ी दादा सेहदपुरा मंदिर, प्याऊ मनियारी रोड, बुध बाजार रोड और उघमी धर्मशाला बख्तावरपुर रोड पर लोगों से जनसंपर्क किया।

    खबरें और भी

    सोने- खाने का समय तय नहीं

    इसके बाद फिर दोपहर 01:30 बजे कार्यकर्ताओं के साथ बाहर ही भोजन किया। दोपहर 02:00 बजे से फिर बांकनेर, लामपुर गांव में शाम 05:00 पांच बजे तक पदयात्रा की। साढ़े पांच बजे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ जनसभा में शामिल रहा। फिर छह बजे के बाद से लेकर रात दस बजे तक ऐसे ही लोगों से मिलना जारी रहता है। उन्होंने बताया कि रात में वैसे तो खाने का समय तय नहीं है।

    रात 11 बजे से 12 बजे के बीच अगले दिन के कार्यक्रम को लेकर बैठक होती है। फिर रात दो बजे तक सो पाता हूं और सुबह पांच बजे उठ जाता हूं। इन दिनों सिर्फ एक ही चीज तय है, वो है अधिक से अधिक से लोगों से मिलकर उनके मन का हाल जानना और मुलाकात करना।

    इस समय दिन कब गुजर जाता है पता ही नहीं चलता है। राजकरण खत्री ने बताया कि क्षेत्र में जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। क्षेत्र की जनता पांच फरवरी को नरेला में कमल खिलाने जा रही है।