विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Mayor Election: मेयर चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, पार्षदों को दिया जाएगा चुनाव संबंधी प्रशिक्षण

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Tiwari
Updated: Wed, 04 Jan 2023 09:17 AM (IST)

Delhi Mayor Election नए पार्षदों को चुनाव प्रक्रिया समझाने के लिए बुधवार को प्रशिक्षण देने का फैसला किया गया है। एमसीडी चुनाव में भाजपा को मात्र 104 और आप को 134 सीटें मिली हैं। निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।

Delhi Mayor Election: मेयर चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
Delhi Mayor Election: मेयर चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम चुनाव में बहुमत से दूर रह गई भाजपा की नजर अब महापौर सहित अन्य पदाधिकारियों की कुर्सी पर है। इसकी तैयारी के तहत पार्टी अपने पार्षदों को एकजुट रखने के साथ ही उन्हें चुनाव संबंधी प्रशिक्षण देने का फैसला किया है ताकि कोई चूक न हो। भाजपा को उम्मीद है कि दूसरे दलों के कई पार्षद भी उसके उम्मीदवार के पक्ष में खड़े होंगे।

तैयारियों को लेकर भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों व वरिष्ठ नेताओं की बैठक प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा व संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य नेता शामिल हुए। इस दौरान पार्षदों को एकजुट रहने और जनता के बीच काम करने का निर्देश दिया गया। उन्हें महापौर व अन्य पदाधिकारियों के चुनाव को गंभीरता से लेने और उस दिन सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।

नए पार्षदों को चुनाव प्रक्रिया समझाने के लिए बुधवार को प्रशिक्षण देने का फैसला किया गया है। एमसीडी चुनाव में भाजपा को मात्र 104 और आप को 134 सीटें मिली हैं। निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा ने रेखा गुप्ता को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। कमल बागड़ी को उप महापौर, कमलजीत सहरावत, पंकज लूथरा व गजेंद्र दराल को स्थायी समिति के सदस्य के लिए उम्मीदवार बनाया है।

नगर निगम के तीन जोन से 10 एल्डरमैन

स्थायी समिति में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भाजपा ने निगम के तीन जोन से अपने 10 नेताओं को एल्डरमैन बनाने का फैसला किया है। बताते हैं कि उपराज्यपाल के पास भेजे गए नाम को मंजूरी मिल गई है। नरेला जोन से सबसे अधिक पांच, सिविल लाइंस जोन से चार और सेंट्रल जोन से एक एल्डरमैन मनोनित किए जाएंगे। निगम के कुल 12 जोन हैं।

शाहदरा नार्थ, शाहदरा साउथ, नजफगढ़ और केशवपुरम जोन में भाजपा बहुमत में है। माना जा रहा है कि यहां से भाजपा के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन चुने जाएंगे। एल्डरमैन मनोनित कर पार्टी नरेला, सिविल लाइंस और सेंट्रल जोन पर भी कब्जा करना चाहती है। बताते हैं कि नरेला जोन से भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद सहरावत और बाहरी दिल्ली के जिला अध्यक्ष बजरंग शुक्ला को एल्डरमैन बनाया जा रहा है।