विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi-Meerut RRTS: 40 मिनट का सफर, 150 रुपये किराया; जानिए नमो भारत ट्रेन से जुड़ी खास बातें

Published: Mon, 06 Jan 2025 09:28 AM (IST)

दिल्ली के न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन से मेरठ तक Namo Bharat Rapid Rail चलने लगी है। इसका ...और पढ़ें

नए कॉरिडोर पर दौड़ने लगी नमो भारत ट्रेन। सौजन्य -एनसीआरटीसी
नए कॉरिडोर पर दौड़ने लगी नमो भारत ट्रेन। सौजन्य -एनसीआरटीसी

HighLights

  1. आनंद विहार रेलवे और न्यू अशोक नगर स्टेशन से शुरू हुआ ट्रेन का संचालन
  2. प्रधानमंत्री ने रविवार को साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक का किया ट्रेन का सफर

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। Namo Bharat Rapid Rail : दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन का परिचालन आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन से शुरू हो गया। रविवार 11:45 बजे यह ट्रेन दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर गई।

साहिबाबाद से गुजरती नमो भारत ट्रेन। सौजन्य -एनसीआरटीसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन में साहिबाबाद से सवार होकर नौ मिनट में न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन तक यात्रा कर कॉरिडोर के 13 किलोमीटर के विस्तार का उद्घाटन किया। वैसे यह ट्रेन आनंद विहार रुकेगी, लेकिन प्रधानमंत्री की ट्रेन को इस पर नहीं रोका गया।

नमो भारत ट्रेन के आनंद विहार स्टेशन पर बैठे लोग। फोटो- जागरण

 मात्र 40 मिनट में न्यू अशोक नगर से पहुंचिए मेरठ

शाम पांच बजे से नमो भारत ट्रेन लोगों के लिए चला दी गई। अब लोग 40 मिनट में न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ पहुंच सकेंगे। आनंद विहार स्टेशन से मेरठ तक का सफर मात्र 35 मिनट में तय होगा।

इस शुरुआत के साथ नमो भारत ट्रेन के परिचालन का दायरा 42 किलोमीटर से बढ़कर 55 किलोमीटर हो गया है। कॉरिडोर पर स्टेशनों की संख्या नौ से बढ़कर 11 हो गई है।

छह किलोमीटर का सफर भूमिगत

आरआरटीएस कॉरिडोर के इस विस्तार खंड में न्यू अशोक नगर के रूट पर साहिबाबाद भारत इलेक्ट्रिकल से खिचड़ीपुर तक का हिस्सा भूमिगत है। इस हिस्से में भूमिगत आनंद विहार स्टेशन है।

आनंद विहार स्टेशन पर बैठे लोग। फोटो- जागरण

नमो भारत ट्रेन आनंद विहार स्थिति मेट्रो की पिंक और ब्लू लाइन के नीचे से होते हुए गाजीपुर ड्रेन के किनारे-किनारे एनएच-नौ को पार करते हुए जाती है।

कब-कब कितने हिस्से पर दौड़ी नमो भारत ट्रेन?

  • 20 अक्टूबर 2023 : साहिबाबाद से दुहाई 17 किमी.
  • 06 मार्च 2024 : दुहाई से मोदीनगर नार्थ तक 17 किमी.
  • 18 अगस्त 2024 : मोदीनगर नार्थ से मेरठ साउथ तक आठ किमी.

नमो भारत ट्रेन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य-

  • आरआरटीएस की कॉरिडोर की मेरठ के मोदीपुर तक प्रस्तावित लंबाई -82 किलोमीटर
  • परियोजना के पूरे कॉरिडोर की लागत : 30,274 करोड़ रुपये
  • साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक आरआरटीएस कॉरिडोर की लागत : 4600 करोड़ रुपये

अभी किन स्टेशनों से चल रही नमो भारत ट्रेन?

  1. न्यू अशोक नगर
  2. आनंद विहार
  3. साहिबाबाद
  4. गाजियाबाद
  5. गुलधर
  6. दुहाई
  7. दुहाई डिपो
  8. मुरादनगर
  9. मोदीनगर साउथ
  10. मोदीनगर नार्थ
  11. मेरठ साउथ

पीएम मोदी ने किया नमो भारत ट्रेन में सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र सड़क मार्ग से यूपी गेट के रास्ते डाबर तिराहा होते हुए सुबह 11:30 बजे साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचे। अंदर प्रवेश करके आरआरटीएस का निर्माण करने वाले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवह निगम (एनसीआरटीसी) की ओर से ‘नमो भारत-यात्रा राष्ट्र निर्माण की’ शीर्षक से आयोजित फोटो प्रदर्शनी देखी।

जिसमें निर्माण से लेकर चार चरणों में अलग-अलग खंड से ट्रेन का परिचालन शुरू करने तक की कहानी दर्शाई गई। राष्ट्र निर्माण की यात्रा में नमो भारत परियोजना के योगदान और दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया गया।

उन्होंने कॉरिडोर पर लगे सात हजार से अधिक उपकरणों का एप के जरिये आनलाइन प्रबंधन करने से जुड़े अत्याधुनिक एसेट मैनेजमेंट सिस्टम का भी अवलोकन किया। फिर वह रेड कॉरपेट से होते हुए टिकट काउंटर तक पहुंचे। अपने फोन से यूपीआई के जरिये भुगतान कर एनसीएमसी (नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड) खरीदा। इस कार्ड के किराये के 40 रुपये दिए।

स्कूली बच्चों से रूबरू हुए पीएम मोदी

प्लेटफार्म पर खड़ी नमो भारत ट्रेन में प्रधानमंत्री सवार होकर न्यू अशोक नगर की ओर रवाना हो गए। ट्रेन के अंदर वह स्कूली बच्चों से रूबरू हुए। व्हीलचेयर पर बैठे दिव्यांग बच्चे ने उनको पेंटिंग दिखाई। एक बच्ची ने उनको कविता सुनाई।

ट्रेन में ही एनसीआरटीसी के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की महिला लाभार्थियों ने रोजगार की अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की। इंजीनियरिंग के छात्रों ने अपनी आकांक्षाओं और कॉरिडोर की तकनीकी प्रगति पर चर्चा की।

महिला स्टाफ से की बात

महिला सशक्तिकरण की मिसाल के रूप में ट्रेन परिचालन में लगे महिला स्टाफ ने उनसे अपने अनुभव साझा किए। इस ट्रेन में कुछ डेली पैसेंजर भी बुलाए गए थे, उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि नमो भारत ट्रेन से उनके दैनिक जीवन में किस तरह के सार्थक बदलाव आए।

इस बीच आनंद विहार आरआरटीएस आया, लेकिन प्रधानमंत्री की ट्रेन वहां नहीं रुकी। निर्बाध नौ मिनट का सफर तय करते हुए वह सुबह 11:49 बजे न्यू अशोक नगर स्टेशन पहुंच गए। यहां एनसीआरटीसी की टीम के साथ फोटो खिंचवाई। उनकी ओर से नमो भारत के स्टेशन का माडल प्रधानमंत्री को भेंट दिया गया।

टाइम लाइन

  • 11:30 बजे प्रधानमंत्री साहिबाबाद स्टेशन पहुंचे
  • 11:40 बजे ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन से चली
  • 11:45 बजे ट्रेन ने दिल्ली सीमा में प्रवेश किया
  • 11:49 बजे न्यू अशोक नगर पहुंचे
  • 11:57 बजे प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से रोहिणी रवाना हो गए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।