Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi AQI Today: एक घंटे की बारिश ने धो दिया महीने भर का प्रदूषण, चैन की सांस के बाद ठंड ने बढ़ाई टेंशन

    By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya
    Updated: Tue, 28 Nov 2023 07:03 AM (IST)

    Delhi AQI Today केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को सुबह वायु गुणवत्ता का स्तर 400 पर आ गया है जो सोमवार को 500 के ...और पढ़ें

    राजधानी में ठंड ने बढ़ाई दिल्लीवासियों की टेंशन। (फोटो जागरण ग्राफिक्स)
    राजधानी में ठंड ने बढ़ाई दिल्लीवासियों की टेंशन। (फोटो जागरण ग्राफिक्स)

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले एक महीने प्रदूषण की मार झेल रही दिल्ली को अब राहत की सांस मिलना शुरू हो गई है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई एक घंटे की बारिश ने प्रदूषण की चादर को धो डाला। महज 10 घंटे के भीतर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में 100 अंकों की कमी दर्ज की गई है।

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को सुबह वायु गुणवत्ता का स्तर 400 पर आ गया है जो सोमवार को 500 के पार पहुंच गया था। आनंद विहार में एक्यूआई 374, आरके पुरम में 370, पंजाबी बाग में 390 और आईटीओ में 400 रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर और कम होगा, लेकिन राजधानी में कोहरा भी छाने लगेगा।

    बुधवार से दिल्ली में बढ़ेगी ठंड

    बता दें कि सोमवार को राजधानी में दिन भी आकाश में बादल छाए रहे। सुबह में हल्का कोहरा भी रहा। इस वजह से दृश्यता थोड़ी कम रही। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शाम को रात के वक्त दिल्ली के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की वर्षा हुई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्षा के बाद दिल्ली में बुधवार से ठंड बढ़ेगी और तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है।

    दिल्ली का तापमान हुआ कम

    मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। अधिकतम तापमान सबसे कम मुंगेशपुर में 21.5 डिग्री सेल्सियस और मयूर विहार में 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में सबसे अधिक 1.8 मिलीमीटर व आया नगर में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा लोधी रोड, आईटीओ सहित कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई।

    खबरें और भी

    आज दिल्ली में नहीं होगी वर्षा

    मंगलवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और एनसीआर में वर्षा हुई है। सोमवार की रात वर्षा होने के बाद पश्चिमी विक्षोभ का यह प्रभाव आगे बढ़ जाएगा। वैसे अगले दो तीन दिनों तक आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन वर्षा होने की संभावना नहीं है। मौसम साफ होने के बाद अब ठंड बढ़ेगी।

    यह भी पढ़ें: दिल्ली में खराब मौसम ने प्रभावित किया हवाई यातायात, 16 फ्लाइट्स डाइवर्ट; सबसे ज्यादा जयपुर और लखनऊ में उतरे विमान