विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली का चांदनी चौक नाइट मार्केट में होगा तब्दील, पढ़िए और क्या होगा बदलाव

By Nihal SinghEdited By: Pradeep Chauhan
Published: Tue, 08 Mar 2022 07:28 AM (GMT+05:30)

वह वेंडरों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र है। इसको लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। वहीं निगम ...और पढ़ें

चांदनी चौक (वार्ड 84-एन) का स्ट्रीट वेंडिंग प्लान तैयार किया है।
चांदनी चौक (वार्ड 84-एन) का स्ट्रीट वेंडिंग प्लान तैयार किया है।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। चटपटे व लजीज पकवानों के लिए विश्व में मशहूर चांदनी चौक में अब रात्रिकालीन (नाइट मार्केट) का मजा लिया जा सकेगा। इसे सिरे चढ़ाने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। यहां पर नाइट स्ट्रीट वेंडिंग लगाने के लिए निगम ने चांदनी चौक इलाके का वेंडिंग प्लान बनाया है। निगम का दावा है कि दिल्ली का यह पहला वेंडिंग प्लान है, जिसमें वेंडरों के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि तय स्थान पर ही वेंडर खड़े हों।

निगम ने इस प्लान के लिए चांदनी चौक के 31 व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के साथ ही सात सरकारी विभागों से राय मांगी है। इसके बाद इस प्लान को दिल्ली सरकार को सौंप दिया जाएगा। इस पर दिल्ली सरकार का शहरी विकास विभाग फैसला लेगा। उल्लेखनीय है कि चांदनी चौक के जिस हिस्से का सुंदरीकरण (लाल किला से लेकर फतेहपुरी मस्जिद) किया गया है, वह वेंडरों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र है। इसको लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। वहीं, निगम ने दिल्ली हाई कोर्ट के 10 नंवबर 2021 के दिशानिर्देशों के अनुपालन में चांदनी चौक (वार्ड 84-एन) का स्ट्रीट वेंडिंग प्लान तैयार किया है।

276 वेंडरों को रात्रिकालीन मार्केट के लिए मिलेगी अनुमति

निगम ने चांदनी चौक के वार्ड 84-एन के लिए स्ट्रीट वेंडिंग प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत पूरे क्षेत्र में 2760 वेंडरों को विभिन्न स्थानों पर अनुमति दी जाएगी, वहीं 276 वेंडर सुंदरीकृत किए गए चांदनी चौक क्षेत्र में होंगे, जहां पर खाने की वस्तुओं के साथ जरूरी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति होगी। इन वेंडरों को रात आठ बजे से लेकर 11 बजे तक लगाने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते वर्ष चांदनी चौक के सुंदरीकरण कार्य के उद्घाटन के समय इसकी घोषणा भी की थी।

  • दिल्ली के बाजारों में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्थित हो, इसके लिए आजीविका संरक्षण और स्ट्रीट वेंडर्स विनियमन-2014 के तहत यह स्ट्रीट वेंडिंग प्लान बनाया है। चांदनी चौक विश्व प्रख्यात स्थल भी है। इसमें रात्रिकालीन बाजार को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने की बहुत बड़ी संभावना है। इसलिए हमने यह प्लान तैयार किया है। विभिन्न संगठनों से रायशुमारी के बाद दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग की अनुमति के लिए इसे भेजा जाएगा। राजेश गोयल, उपायुक्त, शहरी सदर पहाड़गंज जोन, उत्तरी निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।