Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi: क्यों अटका है सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, रोजाना गुजरते हैं एक लाख से ज्यादा वाहन

    Updated: Thu, 01 Aug 2024 01:34 PM (IST)

    Sarita Vihar Flyover की मरम्मत का काम अगस्त महीने में भी शुरू नहीं सकेगा। फ्लाईओवर की मरम्मत का काम लगातार टल रहा है। यह पिछले दो सालों से लंबित है। इ ...और पढ़ें

    अगस्त में भी शुरू नहीं होगा सरिता विहार फ्लाईओवर का मरम्मत कार्य। फोटो- जागरण
    अगस्त में भी शुरू नहीं होगा सरिता विहार फ्लाईओवर का मरम्मत कार्य। फोटो- जागरण

    HighLights

    1. मानसून और कावड़ यात्रा के चलते पुलिस नहीं देगी अनुमति
    2. 15 अगस्त को पीडब्ल्यूडी को पूरा करना था काम
    3. दो साल से लंबित है फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य

    शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। सरिता विहार फ्लाईओवर (Sarita Vihar Flyover) की मरम्मत का काम अगस्त माह में भी शुरू नहीं होने की संभावना है। इस बार मानसून और कावड़ यात्रा को आधार बनाया गया है।

    बारिश की वजह से जलभराव के चलते भयंकर जाम की आशंका को लेकर यातायात पुलिस संबंधित कार्य की अनुमति देने के मूड में नहीं है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी को और इंतजार करना होगा।

    रूट डायवर्जन को लेकर जारी की थी एडवाइजरी

    पीडब्ल्यूडी द्वारा फ्लाईओवर की मरम्मत का काम 15 जून से शुरू किया जाना था। इसे 15 अगस्त को पूरा किया जाना था। इसके तहत फ्लाईओवर के सात एक्सपेंशन जाइंट, बेयरिंग और सतह की मरम्मत का काम शामिल है।

    यातायात पुलिस ने एनओसी जारी भी कर दी थी। रूट डायवर्जन को लेकर एडवाइजरी भी जारी की थी। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी की तरफ से आज तक काम शुरू नहीं किया गया।

    अब विभाग अगस्त महीने में काम शुरू करना चाहता है, लेकिन इस बार यातायात पुलिस ने अडंगा लगा दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हाल ही में बारिश की वजह से सरिता विहार अंडरपास में भीषण जलभराव हो गया था।

    यहां पर पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और भयंकर जाम लग गया था। पुलिस जलभराव और कावड़ यात्रा से जाम की आशंका के चलते अगस्त माह में काम शुरू करने की अनुमति नहीं देना चाहती।

    एक लाख वाहन चालकों की होती है आवाजाही

    इस फ्लाईओवर से प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा वाहन चालकों की आवाजाही होती है। इनमें फरीदाबाद व बदरपुर आने-जाने वाले लोग शामिल हैं।

    पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि मानसून के मौसम में काम शुरू हो गया तो बारिश की वजह से भयंकर जाम लग जाएगा। इससे निपटना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाएगा। वहीं, कावड़ यात्रा को लेकर भी कई जगहों पर रूट डायवर्ट है। पुलिस कावड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए भी पीछे हाथ खींच रही है।

    खबरें और भी

    PWD द्वारा विज्ञापन प्रकाशित न कराने पर अटका था काम

    यातायात पुलिस ने पीडब्ल्यूडी को जून महीने में ही एनओसी जारी कर दी थी। इसके तहत पीडब्ल्यूडी को कार्य के विवरण से संबंधित विज्ञापन प्रकाशित कराना था। इसको लेकर विभाग ने लगातार देरी की।

    इस वजह से मरम्मत काम न तो जून में शुरू हो सका और न ही जुलाई महीने में। अब यह औपचारिकता पूरी कर ली गई तो मात्र 15 दिन ही शेष बचे हैं, जिनमें काम को पूरा करना लगभग असंभव है।

    दो महीने तक चार फेज में होना है मरम्मत कार्य

    यह फ्लाईओवर एनसीआर के नोएडा और फरीदाबाद क्षेत्रों को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और बदरपुर से जोड़ता है। इसकी मरम्मत का काम दो महीने की अवधि में चार फेज में पूरा किया जाएगा। एक फेज में 15 दिन होंगे।

    इसके तहत सबसे पहले 30 दिनों तक आश्रम से बदरपुर जाने वाले फ्लाईओवर की मरम्मत का काम किया जाएगा। इसके बाद तीसरे और चौथे फेज का काम बदरपुर से आश्रम की तरफ आने वाले फ्लाईओवर पर किया जाएगा।

    काम शुरू होने पर ये हो सकते हैं वैकल्पिक रास्ते

    • यातायात पुलिस लोगों को असुविधा से बचाने के लिए काम के दौरान रोड को पूरी तरह बंद नहीं करेगी। इसके लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की जाएगी।
    • पुलिस संभावित तौर पर बदरपुर की तरफ जाने वाले लोगों को सरिता विहार से स्लिप रोड से होते हुए रोड संख्या 13ए से भेज सकती है। यहां से वह यू टर्न लेकर मथुरा रोड के रास्ते जा सकेंगे।
    • नोएडा जाने वाले लोगों के लिए विकल्प के तौर पर डीएनडी का रास्ता रहेगा।
    • इसी तरह बदरपुर से आश्रम आने वाले लोगों को सरिता विहार स्लिप रोड से ओखला एस्टेट मार्ग, क्राउन प्लाजा मार्ग से होते हुए जाना होगा। वह बदरपुर से महरौली-बदरपुर रोड का इस्तेमाल कर आश्रम जा सकते हैं।