विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'भाजपा के चारों इंजन दिल्ली में फेल', अब केजरीवाल ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा; आतिशी ने भी उठाया बड़ा सवाल

Published: Mon, 18 Aug 2025 03:12 PM (IST)

दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर आप ने भाजपा पर हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ...और पढ़ें

अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला।
अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर आम आदमी ने भाजपा की चार इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है।

"आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं ने द्वारका स्थित दो स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बच्चों और पैरेंट्स की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए भाजपा के चारों इंजन दिल्ली में फेल बताया है। साथ ही, बार-बार स्कूलों को मिल रही धमकी के बावजूद आज तक एक भी आरोपी के न पकड़े जाने और कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर भी भाजपा की सरकार को आड़े हाथ लिया है।

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका समेत द्वारका के कई स्कूलों को आज फिर बम की धमकियां मिली हैं। दिल्ली के स्कूलों को बार-बार धमकियां मिलती हैं लेकिन, आज तक न कोई पकड़ा गया है, न कोई कार्रवाई हुई है। भाजपा से ना तो दिल्ली संभल रही है, ना ही दिल्ली की कानून-व्यवस्था। भाजपा की चार इंजन की सरकारें दिल्ली में पूरी तरह फेल हो चुकी हैं।

"आप" की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की मिल रही धमकियों को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने एक्स पर कहा कि स्कूलों में धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। फिर से दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। दिल्ली पुलिस आखिर कर क्या रही है? बच्चे, अभिभावक खौफ में हैं लेकिन भाजपा की चार इंजन की सरकार उनको सुरक्षा देने में नाकाम है।

"आप" के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक्स पर कहा कि पिछले दो साल से दिल्ली के स्कूलों को लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन अमित शाह जी की पुलिस कुछ नहीं कर पा रही।

यह भी पढ़ें- धराली में हुई तबाही प्राकृतिक आपदा नहीं विकास के कारण आई, विशेषज्ञ ने और क्या बताया?

"आप" नेता जस्मीन शाह ने एक्स पर कहा कि दिल्ली में स्कूलों में इस तरह की आतंकी धमकियां पिछले एक दशक से आम बात हो गई हैं। आज तक एक भी व्यक्ति को सजा नहीं मिल पाई है। अगर मोदी सरकार राष्ट्रीय राजधानी के बच्चों को सुरक्षित नहीं रख सकती, तो देश की सुरक्षा के लिए उन पर भरोसा कैसे किया जा सकता है?

उधर, एमसीडी में "आप" के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने एक्स पर कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारका समेत कई स्कूलों को आज एक बार फिर बम धमकी मिली है। यह कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली के स्कूल लगातार धमकियों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन न अब तक कोई दोषी पकड़ा गया, न कोई ठोस कार्रवाई हुई। भाजपा की चार इंजन सरकार से न दिल्ली संभल रही है, न ही राजधानी की कानून-व्यवस्था। दिल्ली में भाजपा की सरकारें पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।