Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Weather : दो साल में फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा बुधवार, आने वाले दिनों में अचानक होगा मौसम में बदलाव

    By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Wed, 26 Feb 2025 10:23 PM (GMT+05:30)

    दिल्ली में गर्मी ने पिछले दो सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक ह ...और पढ़ें

    अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। फाइल फोटो
    अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। फाइल फोटो

    HighLights

    1. बुधवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा
    2. आज और कल हल्की या बहुत हल्की बारिश हो सकती है

    राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। राजधानी में बुधवार को तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 3.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया।

    सर्दी का असर कम होने के बाद इस सीजन में पहली बार दिल्ली में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इससे बुधवार इस महीने का ही नहीं बल्कि दो साल में फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा।

    दो दिन तक हल्की बारिश का आसार

    मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में दो दिन तक हल्की या बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बादल छाए रह सकते हैं।

    सुबह के समय कोहरा भी रह सकता है। गरज के साथ हल्की या बहुत हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    हल्की बारिश का अनुमान

    मौसम विभाग ने बुधवार रात को भी हल्की या बहुत हल्की बारिश का अनुमान जताया था। रात नौ बजे तक कहीं भी बूंदाबांदी नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

    न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पीतमपुरा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।

    खबरें और भी

    पिछले साल फरवरी में तापमान

    पिछले साल फरवरी में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच पाया था। पिछले साल फरवरी में अधिकतम तापमान 19 फरवरी को 29.7 डिग्री सेल्सियस था। इस साल से पहले 21 फरवरी 2023 को दिल्ली में इससे ज्यादा गर्मी पड़ी थी।

    तब अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। जो 2009 के बाद पिछले 16 सालों में फरवरी का सबसे गर्म दिन है। पिछले साल फरवरी में 32.5 मिमी बारिश हुई थी। इस वजह से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार नहीं कर पाया था।

    फरवरी में बहुत कम हुई बारिश

    इस बार फरवरी में बारिश बहुत कम हुई है, सिर्फ 1.4 मिमी, जो सामान्य (19.2 मिमी) से 93 फीसदी कम है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। इस कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2023 में भी फरवरी में बारिश नहीं हुई।

    दूसरी ओर, वर्ष 2021 में फरवरी में सिर्फ 2.6 मिमी बारिश हुई। इस कारण उन दोनों वर्षों में फरवरी माह में अधिक गर्मी पड़ी। फरवरी माह में सबसे अधिक तापमान 26 फरवरी 2006 को 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो अब तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड है।

    यह भी पढ़ें : घाटे सहकर महिलाओं को फ्री बस सेवा दे रही DTC, अब सीएम रेखा गुप्ता के लिए कितनी बड़ी चुनौती