यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Vidhan Sabha Chunav: पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 6 लाख बढ़ी वोटर्स की संख्या, मतदाता सूची में यहां होगा सुधार
Delhi Assembly Election दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में सबसे जरूरी यह जानना हो जाता है कि आखिर कितने फीसदी वोटर् ...और पढ़ें

HighLights
- सीईओ कार्यालय ने संशोधन के लिए जारी की ड्राफ्ट मतदाता सूची।
- इसमें गलतियों के सुधार के लिए 28 नवंबर तक दी जा सकती है शिकायत।
- छह जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (सीईओ) ने मतदाता सूची सुधार के लिए विशेष सारांश संशोधन अभियान शुरू किया है। इसके मद्देनजर मंगलवार को सीईओ कार्यालय ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। जिसमें दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों के कुल एक करोड़ 53 लाख 57 हजार 529 मतदाता शामिल हैं।
लिहाजा, पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले दिल्ली में पांच लाख 71 हजार 147 मतदाता बढ़े हैं। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग मतदाता सूची में अपना नाम, पता इत्यादि जांच कर सकते हैं। उसमें किसी तरह गलती होने पर सुधार के लिए अगले माह 28 नवंबर तक शिकायत के साथ आवेदन दे सकते हैं।
मतदाता सूची के लिए चलेगा विशेष अभियान
सीईओ कार्यालय के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची में सुधार के लिए नौ नवंबर, दस नवंबर, 23 नवंबर व 24 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न इलाकों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) शिविर लगाएंगे।
24 दिसंबर तक आपत्तियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कर मतदाता सूची में सुधार का कार्य पूरा होगा। इसके बाद छह जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। यह दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025) के लिए अहम होगी।
पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान कितने थे मतदाता?
पिछले लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Chunav) के दौरान दिल्ली में एक करोड़ 52 लाख एक हजार 936 मतदाता थे। इसके मुकाबले अभी एक लाख 55 हजार 593 मतदाता बढ़े हैं। वहीं पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता थे।
खबरें और भी
सीईओ पी. कृष्णमूर्ति ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची सीईओ कार्यालय की वेबसाइट (www.ceodelhi.gov.in) पर उपलब्ध है। किसी के पास मतदाता पहचान पत्र होने मात्र से ही चुनाव के दौरान अपना वोट डालने का अधिकार नहीं मिल जाता। मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। इसलिए सूची में मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें।
अगले एक जनवरी तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करने के जरूर आवेदन करें। वोटर हेल्पलाइन ऐप (Voter Helpline App), चुनाव आयोग बी वेबसाइट (voters.eci.gov.in) की वेबसाइट से ऑनलाइन व दिव्यांगजन सक्षम ऐप से भी आवेदन दे सकते हैं।
प्रमुख तथ्य
- मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए भरें- फार्म छह
- मतदाता सूची में सुधार व पता बदलवाने के लिए भरें- फार्म आठ
- एक से अधिक पहचान पत्र हो तो एक पहचान पत्र को सूची से हटाने के लिए भरें- फार्म सात
- पिछले वर्ष व इस बार के ड्राफ्ट मतदाता सूची में मतदाताओं के आंकड़े
| मतदाता | साल 2023 | साल 2025 | अंतर |
| कुल मतदाता | 1,48,60,653 | 1,53,57,529 | 4,96,876 |
| महिला | 67,84,276 | 70,77,526 | 2,93,250 |
| पुरुष | 80,75,210 | 82,78,772 | 2,03,562 |
| थर्ड जेंडर | 1,167 | 1,231 | 64 |
| 18-19 वर्ष के मतदाता | 81,657 | 1,55,748 | 74,091 |
| लिंगानुपात | 840 | 855 | 15 |