Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Weather: दिल्ली-NCR में घने कोहरे का अलर्ट, IMD की चेतावनी- आंखों में जलन और सूजन की बढ़ सकती है समस्या

    Updated: Thu, 19 Dec 2024 07:25 AM (GMT+05:30)

    Weather Update दिल्ली-NCR में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे से आंखों में जलन और ...और पढ़ें

    दिल्ली में सुबह रहा घना कोहरा, आज से दो दिन ऑरेंज अलर्ट।
    दिल्ली में सुबह रहा घना कोहरा, आज से दो दिन ऑरेंज अलर्ट।

    HighLights

    1. आज ज्यादातर इलाकों में घना और कई इलाकों में हो सकता है अति घना कोहरा।
    2. बुधवार सुबह सफदरजंग के पास 50 मीटर दर्ज हुई न्यूनतम दृश्यत।
    3. आईजीआई एयरपोर्ट के पास साढ़े तीन घंटे 300 मीटर रही दृश्यता।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi Cold Wave: मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दो दिन घना से अति घना कोहरा होने की संभावना है। इस वजह से मौसम विभाग ने दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

    मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा और कुछ इलाकों में अति घना कोहरा हो सकता है। घना कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच और अति घना कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच रहती है।

    यातायात हो सकता है प्रभावित

    घने कोहरे से सड़क व रेल परिवहन की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वाहन चलाने में भी मुश्किलें हो सकती हैं। साथ ही सड़क हादसे होने का खतरा रहता है। इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

    आंखों में होती है जलन और सूजन

    मौसम विभाग ने कहा है कि कोहरा अधिक होने पर वातावरण में पार्टिकुलेट मैटर व प्रदूषक तत्व बढ़ जाते हैं। जिसे आंखों में जलन व सूजन हो सकती है। इसके अलावा खांसी व सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।

    खबरें और भी

    हवा की गति धीमी, थोड़ी सी मिली राहत

    राजधानी में बुधवार को हवा की गति मंद होने से पिछले दिन के मुकाबले न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ने से शीत लहर जैसी स्थिति से राहत रही, लेकिन दिल्ली में कोहरा बढ़ गया है। सुबह में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा रहा। इससे सुबह साढ़े छह से सात बजे तक सफदरजंग के पास न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर रही।

    सुबह साढ़े सात बजे न्यूनतम दृश्यता बढ़कर 100 हुई। इसके बाद कोहरा धीरे-धीरे कम हुआ। वहीं आईजीआई एयरपोर्ट के पास सुबह छह से साढ़े नौ बजे तक साढ़े तीन घंटे मध्यम स्तर का कोहरा होने से न्यूनतम दृश्यता 300 मीटर रही। इसके बाद सुबह दस बजे एयरपोर्ट के पास न्यूनतम दृश्यता बढ़कर 400 मीटर हुई।

    कल कितना रहा तापमान

    मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है और पिछले दिन के मुकाबले 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।

    पूसा में न्यूनतम तापमान सबसे कम पांच डिग्री सेल्सियस और आया नगर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वजह से इन दोनों जगहों पर ठंड अधिक रही। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    घना या अति घना कोहरा होने पर मौसम विभाग की चेतावनी

    • बहुत आवश्यक न हो तो सड़क पर वाहन न चलाएं।
    • वाहन बहुत धीरे चलाएं और फाग लाइट इस्तेमाल करें।
    • वाहन चलाते वक्त और किसी भी वाहन में सफर करते समय सतर्क रहें।
    • बस, रेल व उड़ाने विलंब होने पर परिवहन विभाग, रेलवे व एयरलाइंस कंपनियों के संपर्क में रहें।
    • जब तक इमरजेंसी न हो तो कोहरे में बाहर निकलने से बचें।
    • बाहर निकलने पर चेहरे को ढंक कर रखें या मास्क लगाकर रखें।