यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: सुबह-शाम रहेगी ठंडक, दिन में होगा गर्माहट का एहसास; जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम ठंडक है जबकि दिन में गर्माहट का एहसास हो रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच दिल्ली में सुबह-शाम ठंडक जबकि दिन में गर्माहट का एहसास हो रहा है। अभी आने वाले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि तापमान में धीरे धीरे वृद्धि भी होती रहेगी। जब तेज हवाएं चलेंगी तो दिन में भी थोड़ी ठंड का एहसास हो सकता है।
इस बीच रविवार को दिन भर आसमान साफ रहा। धूप भी निकली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 97 से 23 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार सुबह स्मॉग और धुंध रहने की संभावना है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और नौ डिग्री रह सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा।
खराब श्रेणी में रही दिल्ली की वायु गुणवत्ता
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 227 दर्ज किया गया। एक दिन पहले शनिवार को यह 152 रहा था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 75 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। एनसीआर के शहरों में भी वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। हाल फिलहाल इसमें अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है।
खबरें और भी
रविवार को एनसीआर के विभिन्न शहरों का एक्यूआई
| शहर | सीपीसीबी | आइक्यू एयर |
| दिल्ली | 227 | 208 |
| गुरुग्राम | 170 | 170 |
| गाजियाबाद | 129 | 172 |
| फरीदाबाद | 148 | 169 |
| ग्रेटर नोएडा | 153 | 157 |
| नोएडा | 222 | 139 |