Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Weather: दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी, दो दिन छाया रहेगा घना कोहरा; नौ और 10 जनवरी को बारिश की उम्मीद

    Updated: Fri, 05 Jan 2024 11:12 PM (IST)

    दिल्ली में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन यहां कोल्ड डे की स्थिति रही। दिन भर ठिठुरन एवं गलन का एहसास बना रहा। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए भी ...और पढ़ें

    दिल्ली में कड़ाके की ठंड डारी, अगले दो दिन छाया रहेगा घना कोहरा
    दिल्ली में कड़ाके की ठंड डारी, अगले दो दिन छाया रहेगा घना कोहरा

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। दिल्ली भी इससे अछूती नहीं है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन यहां कोल्ड डे की स्थिति रही। दिन भर ठिठुरन एवं गलन का एहसास बना रहा। सर्दी से बचने के लिए लोग कहीं अलाव तो कहीं हीटर जलाकर हाथ तापते हुए देखे गए।

    शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट

    मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए भी येलो अलर्ट कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में सामान्य से सात डिग्री की कमी दर्ज की गई थी, जिससे गंभीर कोल्ड डे स्थिति बनी थी। शुक्रवार को हवाओं का रुख उत्तर पश्चिमी से बदलकर पूर्वी व उत्तर-पूर्वी रहा।

    हवा की दिशा बदलने से तापमान में आंशिक वृद्धि हुई। इसीलिए समग्र रूप से राजधानी में कोल्ड डे की स्थिति रही, गंभीर कोल्ड डे की नहीं। दिन में आसमान साफ रहा, लेकिन धूप आज भी नहीं खिली। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

    9.4 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान

    वहीं न्यूनतम तापमान तीन डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 93 से 86 प्रतिशत रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री के लिहाज से जाफरपुर और सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 की दृष्टि से रिज क्षेत्र दिल्ली के सर्वाधिक ठंडे इलाके रहे।

    खबरें और भी

    मौसम के मुताबिक कड़ाके की ठंड के बीच अगले दो दिन मध्यम से घना कोहरा भी परेशान करेगा। आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री और न्यूनतम आठ से नौ डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, नौ और 10 जनवरी को हल्की बरसात होने की संभावना है। बरसात के बाद तापमान में कुछ सुधार हो सकता है। विभाग का मानना है कि वर्षा के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है। आसमान साफ हो जाएगा जिससे स्थिति में सुधार हो सकता है।

    स्थान अधिकतम तापमान

    • रिज 13.2
    • आयानगर 14.2
    • मयूर विहार 13.3
    • नरेला 14.0
    • पीतमपुरा 14.0
    • पूसा 14.3

    कोल्ड डे और शीत लहर

    मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है। इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीत लहर की स्थिति होती है। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीत लहर कही जाती है।

    यह भी पढ़ें- समय पर नहीं पहुंचा पायलट तो आधे घंटे लेट हो गई फ्लाइट, उड़ान में देरी से भड़के सांसद; DGCA को लिखी चिट्ठी