यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: दिल्ली में लगातार चौथे दिन छाया रहा घना कोहरा, कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर; शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी
राजधानी में लगातार चौथे दिन बृहस्पतिवार सुबह भी अति घना कोहरा रहा। इस वजह से आईजीआई एयरपोर्ट के पास दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। इस वजह से उड़ानें प् ...और पढ़ें

HighLights
- आईजीआई एयरपोर्ट के पास महज 25 मीटर रही दृश्यता, उड़ानें हुई प्रभावित
- 30 दिसंबर को आरेंज अलर्ट, वर्ष के अंतिम दिन और नए वर्ष के पहले दिन येलो अलर्ट
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में लगातार चौथे दिन बृहस्पतिवार सुबह भी अति घना कोहरा रहा। इस वजह से आईजीआई एयरपोर्ट के पास दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। इस वजह से उड़ानें प्रभावित हुईं। साथ ही वाहनों का भी आवागमन प्रभावित हुआ। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आकाश में शुक्रवार को आंशिक बादल भी छाए रहेंगे। साथ ही दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अति घना कोहरा हो सकता है। इस वजह से मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं 30 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट, वर्ष के आखिरी दिन व नए वर्ष के पहले दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस वजह से अभी चार दिन कोहरे से राहत मिलने की खास संभावना नहीं है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने वाहन चलाते समय सतर्क रहने की चेतावनी दी है। साथ ही शुक्रवार इस सीजन में अब तक सबसे ठंडा दिन रहा।
इस सीजन में सबसे कम अधिकतम तापमान
दिल्ली का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले दिल्ली में इस सीजन में सबसे कम अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा था।
राष्ट्रीय राजधानी में सात जगहों पर अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। जाफरपुर व पालम में ठंड सबसे ज्यादा रही। जाफरपुर में अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस और पालम में 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों जगहों पर न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
खबरें और भी
46.30 घंटे रहा कोहरे का असर
बृहस्पतिवार को आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े पांच बजे पालम में दृश्यता महज 25 मीटर रही। इस दौरान सफदरजंग में दृश्यता 50 मीटर रही। खास बात यह है कि दिल्ली में 46.30 घंटे तक लगातार कोहरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार की रात डेढ़ बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर एक हजार मीटर से कम 900 मीटर हो गई थी। तब से कोहरा लगातार बना रहा।
IGI एयरपोर्ट के पास दृश्यता 50 मीटर
बुधवार को पूरे दिन कोहरा रहा और रात दस बजे आईजीआई एयरपोर्ट के पास दृश्यता 50 मीटर थी। इसके बाद लगातार अति घना कोहरा बना रहा। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे के बाद कोहरा कम होना शुरू हुआ और दोपहर 12 बजे आइजीआइ एयरपोर्ट के पास दृश्यता एक हजार मीटर से ज्यादा हो गई थी।