यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Airport: लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में लगी आग, वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लौटी
राजधानी दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में आग लगने की खबर सामने आई है। इसकी सूचना मिलते ही विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तत्का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में आग लगने की खबर सामने आई है। इसकी सूचना मिलते ही विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तत्काल लैंड कराया गया है। ब्रिटिश एयरवेज BA-142 की यह फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी।
पायलट ने नई दिल्ली एटीसी से संपर्क कर विमान के लौटने की इजाजत मांगी, जिसे एटीसी ने तत्काल स्वीकार किया। एटीसी की सूचना के बाद विमान की लैंडिंग के दौरान एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की पूरी तैयारी थी। विमान के सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस पूरी घटना की जांच की जा रही है। मामला नई दिल्ली से लंदन जाने वाले ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान संख्या बीए-142 से जुड़ा है।
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार एटीसी की सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह 9:53 बजे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दिया गया। एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। सुबह 10.26 बजे विमान ने आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। सुरक्षित लैंडिंग के बादकरीब आधा घंटा तक इमरजेंसी की स्थिति रही। बाद में इसे वापस लिया गया।
पायलट को आग लगने की भनक लगी
जानकारी के अनुसार उड़ान भरने के बाद पायलट ने फायर इंडिकेशन लाइट सिस्टम के तहत लाइट को ऑन पाया। लाइट ऑन होने से पायलट को आशंका हुई कि विमान में कहीं न कहीं आग लगी है। पायलट ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस पूरे प्रकरण के बारे में आईजीआई एयरपोर्ट एटीसी को सूचित किया, इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
यूजर का रहा यह रिएक्शन
एक यूजर ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि बृहस्पतिवार उड़ान के एक घंटे के बाद ही कुछ तकनीकी खराबी के बीच विमान की आइजीआई एयरपोर्ट पर वापसी हुई। विमान की लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। करीब पांच घंटे बाद यात्री दोबारा लंदन के लिए रवाना हुए।

