Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    G20 Summit In Delhi: 8 से 10 सितंबर के बीच दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे या नहीं? यहां जानिए ताजा अपडेट

    By Abhishek TiwariEdited By: Abhishek Tiwari
    Updated: Tue, 05 Sep 2023 09:46 AM (IST)

    G20 Summit In Delhi जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी दिल्ली में मेट्रो बंद होने बसों के मार्ग परिवर्तन और अन्य चीजों के कारण यात्रियों की परेशानिया ...और पढ़ें

    G20 Summit in Delhi: 8 से 10 सितंबर के बीच दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे या नहीं?
    G20 Summit in Delhi: 8 से 10 सितंबर के बीच दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे या नहीं?

    HighLights

    1. दिल्ली पुलिस ने 38 मेट्रो स्टेशनों के 67 गेट बंद करने का अपना आदेश वापस लिया
    2. वीवीआइपी काफिला निकलने के दौरान कुछ स्टेशनों में पांच से 10 मिनट आवाजाही पर रहेगी रोक
    3. 8 से 10 सितंबर के बीच भी बंद नहीं होंगे मेट्रो स्टेशनों के गेट
    4. ऑनलाइन सामान की डिलीवरी रहेगी बंद

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। G20 Summit In Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान किसी भी मेट्रो स्टेशन के गेट बंद नहीं किए जाएंगे।

    रविवार को इस संबंध में जारी अपने एक आदेश को दिल्ली पुलिस ने वापस ले लिया है। पुलिस ने आदेश में कहा था कि आठ से 10 सितंबर तक 38 मेट्रो स्टेशन के 67 गेट बंद कर किए जाएंगे।

    गौरतलब है कि सोमवार (4 सितंबर) को यातायात पुलिस के विशेष आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इन तीन दिनों तक किसी भी मेट्रो स्टेशन के गेट बंद नहीं किए जाएंगे। केवल सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन यात्रियों के लिए बंद किया जाएगा। अन्य किसी भी मेट्रो स्टेशन पर आवाजाही सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी।

    कुछ स्टेशनों में पांच से 10 मिनट आवाजाही पर रहेगी रोक

    उन्होंने बताया था कि वीवीआइपी के काफिले निकलने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पांच से 10 मिनट के लिए कुछ मेट्रो स्टेशनों में आवाजाही को बंद किया जा सकता है।

    सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि नई दिल्ली पुलिस जिला और एनडीएमसी क्षेत्र को सुरक्षा और यातायात के लिए पुलिस द्वारा नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान नई दिल्ली में रहने वालों के साथ ही रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट आने-जाने वालों को नहीं रोका जाएगा।

    सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली इलाके में रहने वाले लोग आवाजाही के लिए अपनी गाड़ियों के अलावा ऑटो-टैक्सी का इस्तेमाल कर सकेंगे, लेकिन सफर के दौरान उन्हें अपने पते से संबंधित दस्तावेज रखने होंगे। स्वास्थ्य एवं सिविक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को भी पहचान पत्र दिखाकर प्रवेश मिलेगा।

    खबरें और भी

    ऑनलाइन सामान की डिलीवरी रहेगी बंद

    दिल्ली में मालवाहक वाहनों को अनुमति नहीं रहेगी, लेकिन आवश्यक वस्तुएं जैसे सब्जी, दूध, फल, दवाएं आदि लेकर आने वाले वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस की तरफ से एंट्री पास जारी किए गए हैं। इसके अलावा डाक, स्वास्थ्य, पैथ लैब सेवा और खाने की डिलीवरी करने जैसे पेशे से जुड़े लोगों को प्रवेश मिलेगा। ऑनलाइन सामान डिलीवरी वालों पर प्रतिबंध रहेगा।