यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Welcome Building Collapsed: 15 साल पुराना था मकान, आगे झुक गया था; दीवारों में भी आ गई थी दरार
पूर्वी दिल्ली की जनता कॉलोनी में एक 15 साल पुराना मकान जमींदोज हो गया। मकान मालिक मतलूब ने चार साल पहले चौथी मंजिल बनवाते समय पिलर लगवाए थे लेकिन मकान ...और पढ़ें

HighLights
- पूर्वी दिल्ली में 15 साल पुराना मकान गिरा |
- कमजोर निर्माण के कारण मकान झुक रहा था |
- परिवारिक विवाद के कारण बेटी पिता के घर |
शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। जनता कॉलोनी में जो मकान शनिवार सुबह जमींदोज हुआ था, वह 15 साल पुराना है। गार्डर व पटियों से यह मकान बना था। मकान मालिक मतलूब ने चार साल पहले अपने बड़े साले शहजाद से मकान की चौथी मंजिल बनवाई थी। उस वक्त दीवार को काटकर इसमें दो पिलर डाले गए थे। एल शेप का यह मकान मजबूत न होने के कारण झुक रहा था। परिवार के सदस्यों के अनुसार कुछ दिनों पहले दीवारों में दरार भी आ गई थी।
नजीबाबाद के रहने वाले शहजाद ने बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री हैं। 15 साल पहले उन्होंने ही जनता कालोनी में अपनी बहन राफिया का तीन मंजिला घर बनाया था। गार्डर व पटियों से बनाया था। इस मकान में उनके जीजा मतलूब ड्राई क्लीन का काम करते थे। इसमें उनके कर्मचारी भी रहते थे। चार साल पहले उन्होंने इस मकान में चौथी मंजिल भी बनाई थी।
निर्माण करने के दौरान उन्हें मकान कमजोर लग रहा था, इसलिए उन्होंने दीवार काटकर लोहे व कंक्रीट के दो पिलर डाले। इसलिए कि मकान मजबूत रहेे। उनकी बहन गौतमपुरी क्षेत्र में परिवार के साथ अपने दूसरे मकान में रहती थीं। नवंबर 2024 में गौतमपुरी के मकान में आग लग गई थी, पूरा मकान जलकर खाक हो गया था।
मजबूरी में उनकी बहन को जनता कालोनी शिफ्ट होना पड़ा था। उन्होंने बताया कि जून में उनकी बहन का उनके पास फोन आया था कि गौतमपुरी वाला घर बनवाना है। रहने की परेशानी हो रही है। उन्होंने बहन से वादा किया था कि वह जुलाई व अगस्त से उसका घर बनाना शुरू कर देंगे। उससे पहले ही यह हादसा हो गया। मतलूब की सास छीम ने बताया कि मकान आगे झुकने लगा था। दीवारों में दरार भी आ गई थी।
खबरें और भी
पति के साथ चल रही थी अनबन, बेटी को लेकर पिता के घर में रह रही थी
परिवार ने बताया कि चार वर्ष पहले मतलूब की बड़ी बेटी जुबिया की शादी लोनी में रहने वाले आजम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों के बाद ही दंपती में झगड़े होने लगे थे। आरोप था कि आजम अपनी पत्नी को मारता था। शादी के डेढ साल के बाद दंपती के बच्चा हुआ। लेकिन विवाद बंद नहीं हुए। करीब एक साल से जुबिया अपनी ढाई साल की बेटी फौजिया को लेकर अपने पिता के घर पर रह रही थी।