विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: मां ने दोनों बच्चों की हत्या कर की थी खुदकुशी, अब मृतक के परिवार ने ससुराल पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप

By Jagran NewsEdited By: Paras Pandey
Published: Tue, 10 Oct 2023 05:43 AM (IST)

किशनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मुनिरका गांव में रविवार सुबह महिला द्वारा दो बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी के मामले ...और पढ़ें

आरोप है की बेटी को नशीला पदार्थ देता था दामाद
आरोप है की बेटी को नशीला पदार्थ देता था दामाद

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। किशनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मुनिरका गांव में रविवार सुबह महिला द्वारा दो बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी के मामले में अब मृतका वर्षा शर्मा के स्वजन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ससुराल वाले वर्षा को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। वहीं, सोमवार को वर्षा व दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि उक्त मामले में पुलिस ने घटनास्थल से वर्षा का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। 

इसके साथ खाने का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। वर्षा के पिता हेमंत कुमार शर्मा ने बीती देर रात इसकी शिकायत किशनगढ़ थाने में भी दी है। शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनका दामाद जोगेंद्र शर्मा कुछ समय से तंत्र-मंत्र के चक्कर में था। इतना ही नहीं, वह उनकी बेटी को कोई नशीली दवा भी देता था जिसे खाने के बाद वह ज्यादा परेशान हो जाती थी। यह बात खुद वर्षा ने परिवार वालों को बताई थी। पिता के अनुसार, सात अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उनकी आखिरी बार बेटी से बात हुई थी। 

उस समय उनको बिल्कुल भी ऐसा नहीं लगा कि उनकी बेटी ऐसा कोई कदम उठा सकती है। बातचीत के दौरान वर्षा ने बताया था कि उसे सुबह सात बजे उठा देना। आठ अक्टूबर की सुबह जब परिवार वालों ने वर्षा को काल किया तो किसी अंजान व्यक्ति ने फोन उठाया और कहा कि वर्षा का फोन बाहर पड़ा हुआ है और अंदर से कुंडी लगी हुई है। वर्षा के पिता ने बताया है कि उनका दामाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में कार्यरत है। ऐसे में वह कुछ भी कर सकता है। लिहाजा पूरे मामले की ठीक तरीके से जांच की जाए। दामाद के दोनों मोबाइल की सीडीआर निकालकर जांच करवाई जाए।

बता दें कि रविवार सुबह करीब 10.30 बजे किशनगढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली कि मुनिरका में एक महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी कलाई की नस काटकर जान दे दी थी। मृतकों की पहचान वर्षा शर्मा (27) इसका बेटा अभिमन्यु (4) और ढाई साल के आयुष उर्फ व्यम (2.5) के रूप में हुई। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। दोनों की शादी को पांच ही वर्ष हुए हैं इसलिए पुलिस ने क्षेत्रीय एसडीएम को भी इसकी सूचना दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी मामले की पड़ताल कर रही है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।