यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IGI Airport: दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट भी डायवर्ट
रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट से धर्मशाला जा रही इंडिगो की उड़ान में ईंधन रिसाव की आशंका के कारण उसे बीच ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रविवार सुबह नई दिल्ली से धर्मशाला जा रही इंडिगो की उड़ान को बीच सफर में ही यू टर्न लेकर नई दिल्ली लौटना पड़ा। इस बीच एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग को लेकर सभी तैयार रहे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली से धर्मशाला के बीच इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई7483 के पायलट को आशंका हुई कि फ्यूल सिस्टम में कहीं लीकेज हो रहा है। पायलट ने अपनी आशंका से एटीसी से अवगत कराया और आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की इजाजत मांगी।
इजाजत मिलने के बाद विमान ने लिया यू-टर्न
इजाजत मिलने के बाद विमान ने यू टर्न लिया और नई दिल्ली में लैंडिंग की तैयारी शुरू हुई। इस बीच एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी की स्थिति रही। जैसे ही विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की सभी ने राहत की सांस ली। इस डायवर्जन पर इंडिगो ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा।
विमान को डायवर्ट कर अबूधाबी में लैंड कराया गया
वहीं, एअर इंडिया की नई दिल्ली से तेल अवीव जा रही उड़ान को हूती हमले के बाद तेल अवीव में बदली परिस्थिति के बाद डायवर्ट कर अबूधाबी में लैंड कराया गया। सूत्रों का कहना है कि अब अबुधाबी से विमान को नई दिल्ली लाया जा रहा है। इस बीच तेल अवीव में हुए हमले के बाद एअर इंडिया ने तेलअवीव और नई दिल्ली के बीच संचालित होने वाली उड़ानों को छह मई तक रद करने की घोषणा की है।
हमले से एक घंटा पहले उड़ा था विमान
एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 139 तेल अवीव पर हुए हमले के ठीक एक घंटे पहले ही नई दिल्ली से उड़ान भरा था। फिलहाल तेल अवीव को लेकर दुनिया की कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों को होल्ड पर रखा है।
