विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MCD Election 2022: AAP की टेंशन खत्म, भाजपा ने दिल्ली के मेयर की रेस से खुद को किया बाहर

By Nihal SinghEdited By: Geetarjun
Updated: Fri, 09 Dec 2022 06:39 PM (IST)

Delhi MCD Election 2022 दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों में 104 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर आई भाजपा ने अपने आप को महापौर की दौड़ से बाहर कर लिया है। भाजपा ने कहा कि जनता ने मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का जो दायित्व दिया है उसे पूरा करेगी।

भाजपा ने दिल्ली के मेयर की दौड़ से खुद को किया बाहर, अब क्या होगा BJP का प्लान?
भाजपा ने दिल्ली के मेयर की दौड़ से खुद को किया बाहर, अब क्या होगा BJP का प्लान?

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों में 104 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर आई भाजपा ने अपने आप को महापौर की दौड़ से बाहर कर लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जनता ने उन्हें मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का जो दायित्व दिया है उसे पूरा करेगी।

भाजपा को निगम चुनाव में करीब 40 प्रतिशत मत देने के लिए दिल्ली वासियों का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने वादा किया है कि निगम में भी वह दिल्ली की जनता से जुड़े सवालों और समस्याओं को मजबूती से उठाएगी। इन्हें पूरा करने की भी पूरी कोशिश करेगी। शांतिपूर्वक मतदान के लिए आदेश गुप्ता ने दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग का आभार प्रकट किया है।

'भाजपा का बढ़ा वोट प्रतिशत'

प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी और आदेश गुप्ता ने कहा कि 2017 के निगम चुनावों में भाजपा को 36.08 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि 2022 के निगम चुनाव में यह बढ़कर 39.09 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के चलते आम आदमी पार्टी (आप) का चेहरा बेनकाब हुआ

इसकी वजह से दिल्ली सरकार के उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों की विधानसभा में जनता ने आप के उम्मीदवारों को नकार दिया। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव की तुलना करें तो आप को करीब 10 प्रतिशत कम वोट शेयर मिला है।

कांग्रेस ने टेक दिए घुटने

गुप्ता ने कहा कि 30-35 सीटें ऐसी थी, जिनमें बहुत कम अंतर से भाजपा को जीत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार यही परिवर्तन हुआ है कि आप के सामने कांग्रेस ने घुटने टेक दिए हैं।

आप पर लगाया टिकट बेचने का आरोप

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दिशा-निर्देशों के अनुसार हमने कार्य किया। जो भाजपा के प्रत्याशी निगम पार्षद नहीं बन पाए, वह विपक्ष की भूमिका अपने क्षेत्र में निभाएंगे, क्योंकि आप ने टिकटों को बेचकर जो प्रत्याशी बनाए हैं, वो निगम में लोगों से वसूली करेंगे। ऐसे में जनता आखिर उन निगम पार्षदों से विकास के नाम पर क्या आशा करेगी।

ये भी पढ़ें- MCD Election 2022: मेयर चुनाव से पहले केजरीवाल का दांव, कांग्रेस की दो महिला पार्षद AAP में हुईं शामिल

मजबूत विपक्ष बनकर दिल्लीवासियों की सेवा करेंगे

गुप्ता ने कहा कि भाजपा एक मजबूत विपक्ष बनकर दिल्लीवासियों की सेवा करेगी। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि जिस तरह से आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को 20 सीटें मिलने का दावा करते रहे, लेकिन दिल्लीवासियों ने भाजपा को 104 सीटों पर जीत दिलाई। इससे साबित होता है कि देश के सबसे झूठे राजनेता अरविंद केजरीवाल है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार जानबूझकर केंद्र सरकार की योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं करती है। दूसरे नंबर पर रहने के बाद भी भाजपा का महापौर बनने की चर्चा इसलिए शुरु हुई थी कि नतीजें आने के बाद भाजपा के कुछ नेताओं ने इसकी आशंका व्यक्त की थी।

ये भी पढ़ें- MCD Election: नगर निगम चुनाव का रोमांच बरकरार, दिल्ली को कैसे मिलेगा मेयर? कहां फंस सकता है पेंच; जानिए सबकुछ