Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Crime: सोयाबीन की बोरी के अंदर गांजा छिपाकर लाए थे दिल्ली, तीन गिरफ्तार; 254 किलो गांजा बरामद

    Updated: Thu, 29 May 2025 06:15 PM (GMT+05:30)

    दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स मुक्त दिल्ली अभियान में गांजा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक करोड़ रु ...और पढ़ें

    सोयाबीन की बोरी के अंदर गांजा छिपाकर लाए थे दिल्ली, तीन गिरफ्तार।
    सोयाबीन की बोरी के अंदर गांजा छिपाकर लाए थे दिल्ली, तीन गिरफ्तार।

    HighLights

    1. 254 किलो गांजा बरामद
    2. तीन आरोपी गिरफ्तार
    3. दिल्ली में ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ड्रग्स मुक्त दिल्ली अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने क्राइम ब्रांच ने गांजा तस्करी के आरोप में एक ट्रांसपोर्टर और रिसीवर समेत तीन आराेपित को गिरफ्तार किया है। कंटेनर की तलाशी लेने पर उससे एक करोड़ रुपये मूल्य का 254 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे को सोयाबीन की बोरी के अंदर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल कंटेनर व बाइक जब्त कर लिया है।

    डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम भुनेश्वर सिंह (जहानाबाद, बिहार), जंग बहादुर यादव (फरीदाबाद) व अनिल कुमार (लक्ष्मी पार्क, नांगलोई) है। भूनेश्वर सिंह वर्तमान में फरीदाबाद में जंगबहादुर के साथ रहता था और ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली आदि जगहों पर पहुंचाने काम करता था।

    अहमदाबाद में गांजा की एक खेप पहुंचाई

    वह नियमित रूप से बहरामपुर, ओडिशा से गांजा की खेप इकट्ठा कर जंग बहादुर के सीधे निर्देश पर कई राज्यों में आपूर्ति करता था। प्रत्येक डिलीवरी ट्रिप (कंटेनर से) के लिए उसे 60 हजार दिया जाता था। हाल ही में उसने अहमदाबाद में गांजा की एक खेप पहुंचाई।

    जंग बहादुर यादव मूलरूप से बलिया, यूपी का रहने वाला है लेकिन फरीदाबाद में रह रहा है। ओडिशा के बहरामपुर से संचालित दो प्रमुख ड्रग्स तस्करों से इसके अच्छे संबंध हैं। गंतव्य और प्राप्तकर्ता की पहचान डिलीवरी के अंतिम चरण तक ट्रांसपोर्टर को नहीं बताई जाती है। जंग बहादुर के पास चार टाटा ट्रक हैं, जिनमें दो कंटेनर प्रकार के ट्रक, दो खुले बाडी वाले ट्रक हैं।

    खबरें और भी

    ट्रक में गांजा की खेप पाई गई

    हाल ही में जंग बहादुर यादव के एक ट्रक को झारखंड पुलिस ने पकड़ा था। ट्रक में गांजा की खेप पाई गई। उसके ट्रक के चालक सतेंद्र उर्फ रोहित के बयान के अनुसार, वाहन का इस्तेमाल नशीले पदार्थों के परिवहन के लिए किया जा रहा था। घटना के दिन से ही चालक फरार है और फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। बरामद गांजे को एक कंटेनर के अंदर बड़ी चतुराई से छिपाया गया था, जो थोक सोयाबीन की बोरी में छिपाया हुआ था ताकि पता न चले।

    छोटू कुमार एक स्थानीय जूता कंपनी में ठेकेदार

    अनिल कुमार नांगलोई में रहकर गांजा की खेप का स्थानीय प्राप्तकर्ता है। वह छोटू कुमार के निर्देश पर दिल्ली में रिसीवर के रूप में काम करता था। वह डिचोन और नांगलोई में ड्रग्स की खेप प्राप्त करने और वितरित करने के लिए उसके साथ समन्वय में काम करता था।

    इटावा का रहने वाला छोटू कुमार एक स्थानीय जूता कंपनी में ठेकेदार है। वह दिल्ली में मुख्य सहयोगी और हैंडलर है और ओडिशा के मुख्य आपूर्तिकर्ता से सीधे जुड़ा हुआ है। 27 मई को तीनाें को गुप्त सूचना के आधार पर नांगलोई से गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजा बहरामपुर, ओडिशा से दिल्ली एनसीआर ले जाया जा रहा था।