Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में 37.8 मिमी बारिश से मिली राहत, दशहरे की तैयारियों पर फिरा पानी, अब भी हैं बारिश के आसार

    Updated: Tue, 30 Sep 2025 11:18 PM (IST)

    मंगलवार को दिल्ली में अचानक मौसम बदला और दिनभर तेज वर्षा हुई जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जगह-जगह जाम और जलभराव की समस्या हुई। मौसम विभाग का पूर्व ...और पढ़ें

    तेज वर्षा ने दी गर्मी से राहत, दशहरे पर भी आसार बरकरार
    तेज वर्षा ने दी गर्मी से राहत, दशहरे पर भी आसार बरकरार

    HighLights

    1. दिल्ली में भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त।
    2. मौसम विभाग का वर्षा पूर्वानुमान गलत साबित।
    3. पांच से सात अक्टूबर के बीच फिर वर्षा संभव।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मंगलवार को एकाएक मौसम ने करवट लेकर दिल्लीवालों को हैरान-परेशान कर दिया। सुबह सात बजे तक भी किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिनभर वर्षा का दौर जारी रहने वाला है। तेज वर्षा से जगह-जगह जाम लगा तो जलभराव ने भी परेशान किया। हालांकि, वर्षा ने उमस भरी गर्मी से राहत तो दिलाई लेकिन जनजीवन प्रभावित होने से आफत बढ़ गई। बुधवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है तो बृहस्पतिवार को दशहरे पर भी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।

    रात साढ़े आठ बजे तक 37.8 मिमी वर्षा दर्ज 

    मंगलवार को हुई झमाझम वर्षा को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान फिर कठघरे में है। पूर्वानुमान मंगलवार व बुधवार को हल्की वर्षा होने का था। लेकिन सुबह आठ नौ बजे मौसम विभाग को पहले यलो और फिर से मध्यम से अधिक वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी करना पड़ गया। सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे तक 37.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस वर्षा अक्टूबर की शुरुआत से पहले ही माह की वर्षा का कोटा भी पूरा कर दिया। मालूम हो कि मंगल वार सुबह साढ़े आठ बजे के बाद हुई वर्षा तकनीकी रूप से अक्टूबर माह का हिस्सा है। इस माह की औसत वर्षा है 15.1 मिमी जबकि हो गई है दोगुनी से भी अधिक।

    नमी का स्तर 100 से 68 प्रतिशत रहा

    आलम यह रहा कि मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहे तो सूर्य के दर्शन नहीं के बराबर ही हुए। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 34.2 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 68 प्रतिशत रहा।

    5.4 किमी की ऊंचाई पर गरज वाले बादल बने

    मौसम विभाग के अनुसार कच्छ की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण यह वर्षा हुई। अरब सागर से नमी भरी दक्षिणी पश्चिमी हवाएं चल रही थीं। जबकि पाकिस्तान की ओर से शुष्क उत्तर पश्चिमी हवा चल रही थी। इन दोनों के आपस में टकराने से 5.4 किमी की ऊंचाई पर गरज वाले बादल बन गए।

    खबरें और भी

    पांच से सात अक्टूबर के बीच वर्षा के आसार

    इसी के चलते हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और राजधानी के आसपास झमाझम वर्षा देखने को मिली। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को वर्षा का दौर जारी रहेगा व बृहस्पतिवार को दशहरे पर भी हल्की वर्षा की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। इसके बाद पांच से सात अक्टूबर के बीच एक बार फिर वर्षा होने की संभावना बनती नजर आ रही है।

    मंगलवार को कहां हुई कितनी वर्षा (मिमी में)

    स्थान वर्षा
    सफदरजंग  37.8
    पालम  21.8
    लोधी रोड  29.8
    रिज  52.9
    आर्यानगर  72.6
    राजघाट  40.5
    पूसा  36.5
    मयूर विहार  35.0

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, झील बनी गुरुग्राम की सड़कें और बढ़ गई लोगों की टेंशन