यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sansad Security Breach: सात दिन की पुलिस रिमांड पर मास्टरमाइंड ललित झा, पूछताछ में खुलेंगे कई राज
देश की राजधानी में लोकतंत्र के मंदिर कहे जाने वाले संसद भवन की सुरक्षा में बुधवार को जिस तरह की चूक हुई उससे पूरा देश स्तब्ध है। अब इस मामले में शामिल ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की राजधानी में लोकतंत्र के मंदिर कहे जाने वाले संसद भवन की सुरक्षा में बुधवार को जिस तरह की चूक हुई उससे पूरा देश स्तब्ध है। अब इस मामले में शामिल सभी लोगों पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस यूनिट एक-एक कर शिकंजा कस रही है। इस स्टोरी में पढ़ें दिनभर के सभी अपडेट्स..
ललित झा को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा
संसद को धुआं-धुआं करने के मामले में मास्टरमाइंड ललित झा को दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। यहां लोक अभियोजक अखंड प्रताप सिंह दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए। कोर्ट ने ललित झा को रिमांड अधिवक्ता उपलब्ध कराया।
लोक अभियोजक ने झा की 15 दिन की रिमांड मांग करते हुए तर्क दिया कि उसे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपित ने मामले में अपनी संलिप्तता के बारे में बताया है कि कैसे वह पूरी साजिश का मास्टरमाइंड है और उसका मकसद क्या था।
लोक अभियोजक ने कहा कि दिल्ली पुलिस को मामले में आरोपित की जांच करनी है कि उसने कैसे साजिश रची और उन्हें फंडिंग कैसे मिली। उन्होंने कहा कि आरोपित के मोबाइल फोन रिकवर करने की जरूरत है। कोर्ट ने आरोपित को सात दिन की रिमांड पर भेजा।
खबरें और भी
ललित झा को लाया गया सफदरजंग अस्पताल
आरोपी ललित झा को मेडिकल के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
#WATCH | Parliament security breach accused Lalit Jha brought to Safdarjung Hospital in Delhi pic.twitter.com/WZaAWTflzz
— ANI (@ANI) December 15, 2023
आरोपियों के जूते से हुई थी छेड़छाड़, FIR में आई सामने
दोनों आरोपी सागर शर्मा और मनोरंजन डी के जूते में अतिरिक्त रबर जोड़कर उसमें जगह बनाई गई थी। दोनों आरोपियों के पास से दो पर्चे भी बरामद किए गए थे। एक पर्चे में अंग्रेजी में जय हिंद लिखा था और तिरंगे की फोटो लगी थी। इस पर हिंदी में भी स्लोगन लिखे थे। वहीं दूसरी पर्ची में मणिपुर मुद्दे को लेकर अंग्रेजी में स्लोगन लिखे थे।
स्मोक क्रैकर से हो सकता था सांसदों की जान को खतरा
दिल्ली पुलिस ने एफआईआर में कहा है कि स्मोक क्रैकर से सांसदों की जान को खतरा हो सकता था।
ललित ने नहीं उसके दो दोस्तों ने जलाए थे सभी आरोपितों के मोबाइल
दिल्ली पुलिस ने संसद भवन की सुरक्षा में सेंध मामले में राजस्थान के रहने वाले महेश और कैलाश को भी हिरासत में ले लिया है। ललित झा ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर अपना और चारों आरोपियों का मोबाइल राजस्थान जाकर महेश और कैलाश को सौंप दिया था। पुलिस को इन्होंने बताया है कि दोनों ने सभी आरोपितों के मोबाइल जला दिए। पुलिस जांच में सामने आया है कि ललित झा बिहार का रहने वाला है। महेश और कैलाश , ललित झा के दोस्त हैं।
महेश और कैलाश ने दिया लॉजिस्टिक सपोर्ट
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संसद भवन की सुरक्षा में सेंध मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है दोनों पर अन्य आरोपियों के साथ मिले होने का शक है। दोनों से स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस पूछताछ कर रही हैं। इन पर आरोपियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने का आरोप है। महेश और कैलाश दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं और ये भी भगत सिंह संगठन से जुड़े हुए हैं।
महेश भी जाने वाला था दिल्ली
महेश भी संसद में हंगामा करने के मकसद से दिल्ली आने वाला था लेकिन किसी कारणवश उसे परिजनों ने रोक दिया था।
दिल्ली पुलिस ने बनाईं कई टीमें
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की कुछ टीमें बनाई गई हैं, जो आरोपियों को अलग-अलग जगह लेकर जाएंगी। एक टीम मैसूरू जाएगी मनोरंजन के ठिकाने तलाशेगी। एक टीम नीलम आजाद को लेकर हिसार जाएगी।
एक टीम लखनऊ जाकर जांच करेगी जहां से सागर ने जूते खरीदे और सोल को कटवा कर कैविटी यानी सामान छिपाने की जगह बनवाई थी।
एक टीम कोलकाता जाएगी। सेल की टीम राजस्थान में भी सबूत खंगालने जाएगी। जहां ललित ने घटना के बाद भागकर फोन नष्ट किए और महेश के साथ आगे की प्लानिंग की।