विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जारी है कोहरे का कोहराम, थम गई 50 ट्रेनों की रफ्तार

By Amit MishraEdited By:
Updated: Fri, 23 Dec 2016 09:23 PM (IST)

कोहरे का असर ट्रेनों की रफ्तार पर भी पड़ा। उत्तर रेलवे की करीब 50 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं 28 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जेएनएन]। कई दिनों के बाद शुक्रवार को एक बार फिर कोहरे ने अपना रंग दिखाया। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से दृश्यता काफी कम रही। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को कोहरा और घना होने की संभावना है।

कोहरे का असर ट्रेनों की रफ्तार पर भी पड़ा। उत्तर रेलवे की करीब 50 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं 28 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक घरेलू उड़ान को रद करना पड़ा। तीन विमानों का परिचालन देरी से हुआ। बता दें कि रेलवे ने कोहरे की वजह से कई ट्रेनों को 15 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया है।

आज भी रहेगा कोहरा

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भी मौसम का यही हाल रहने की संभावना है। शनिवार को सुबह के समय कोहरा और घना रहेगा।

जारी है सर्दी का सितम, 22 दिसंबर के बाद कोहरा फिर करेेगा परेशान

कोहरे की चादर लिपटा उप्र

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। आम जनजीवन तो अस्त व्यस्त रहा ही, कई रेलगाडि़यां देरी से पहुंची। काशी विश्र्वनाथ एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, वरुणा एक्सप्रेस और गंगा गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

ठिठुर रही घाटी

जम्मू-कश्मीर में तापमान के लगातार जमाव बिंदू के नीचे बने रहने से वादी के लोगों को भीषण ठंड से कोई राहत नहीं मिल रही है। शुक्रवार को श्रीनगर न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पहलगाम व गुलमर्ग से भी ज्यादा ठंडा रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -4.8 व गुलमर्ग में -2.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जम्मू में रात का पारा लगातार गिर रहा है। वादी में 21 दिसंबर से सर्दियों का सबसे ठंडा दौर कहलाने वाला 40 दिन का चिल्ले कलां शुरू हो गया है। इसके बाद से ही ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है।