विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों को नहीं होगी दिक्कतें, नए साल में शुरू होगी स्मार्ट बग्गी सेवा; जानें क्या होगा फायदा

Published: Thu, 26 Dec 2024 08:07 PM (GMT+05:30)

आइजीआई एयरपोर्ट को स्मार्ट बनाने की दिशा में कई कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में IGI एयरपोर्ट पर ...और पढ़ें

IGI एयरपोर्ट पर स्मार्ट बग्गी सेवा से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा।
IGI एयरपोर्ट पर स्मार्ट बग्गी सेवा से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा।

HighLights

  1. टर्मिनल 3 पर जगह-जगह लगाए जा रहे सेंसर से बग्गी की सही लोकेशन कियोस्क पर होगी प्रदर्शित
  2. स्मार्ट शौचालय, स्मार्ट बग्गी, स्मार्ट ट्राली, स्मार्ट ट्रैफिक इन सभी योजनाओं पर कार्य हो रहा है

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। नए वर्ष के पहले महीने में आइजीआई एयरपोर्ट पर स्मार्ट बग्गी सेवा शुरू की जा रही है। अभी जो बग्गी सेवाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध है, उससे नई सेवा इस मायने में अलग होगी कि जिस बग्गी की बुकिंग आपके लिए हुई है, टर्मिनल पर उसकी लोकेशन कहां है, वह कितनी देर में आप तक पहुंचेगी, वह किस रूट से आ रही है, तमाम बातें बग्गी कियाेस्क पर लगी स्मार्ट स्क्रीन पर आपको नजर आएगी। इससे बग्गी सेवा में पारदर्शिता सामने आएगी और यात्रियों को बग्गी सेवा पाने के लिए लेटलतीफी से दो चार नहीं होना पड़ेगा।

सेंसर की मदद से पता चलता रहेगा लोकेशन

आसान शब्दों में समझें तो पारंपरिक बग्गी सेवा में निगरानी से जुड़ी कोई प्रणाली नहीं होती थी। बग्गी कहां है, किधर जा रही है, इसका पता न तो डायल को होता और न ही यात्रियों को इसकी कोई जानकारी होती। लेकिन स्मार्ट बग्गी में लगे यंत्र व बग्गी रूट पर जगह जगह लगे करीब 150 सेंसर की मदद से इसकी लोकेशन का पता आसानी से चल सकेगा। यदि बग्गी रास्ते में कहीं रुकती है तो यह कियोस्क पर लगी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। यात्री भी यह पता कर सकेंगे कि बग्गी कितनी देर में उनके नजदीक पहुंचने वाली है।

किसे क्या होगा फायदा

यात्री की दृष्टि से देखें तो स्मार्ट बग्गी सेवा का उनके लिए सबसे बड़ा फायदा यह है कि उन्हें बग्गी के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। टर्मिनल में कुछ चुनिंदा जगहों पर विशेषकर बोर्डिंग गेट के आसपास बग्गी के लिए कियोस्क बनाए जाएंगे। यहां स्मार्ट मॉनिटर लगा होगा। यहां यात्री जैसे ही बग्गी के लिए बुकिंग करेंगे, इसकी सूचना उसके नजदीकी उस बग्गी चालक को अलर्ट मैसेज द्वारा मिलेगी, जो गंतव्य से लौट रहा है।

अलर्ट मैसेज मिलते ही चालक फौरन बग्गी बुकिंग स्टेशन पर पहुंच जाएगा। स्मार्ट सेवा के माध्यम से वे बग्गी संचालन से जुड़े अधिकारी बुकिंग के आधार पर यह अनुमान लगा सकेंगे कि कहां बग्गी की कितनी आवश्यकता है। किन दो गंतव्यों के बीच कितने समय के अंतराल पर कितनी बग्गी चलाई जानी चाहिए।

स्मार्ट एयरपोर्ट परियोजना

आइजीआई एयरपोर्ट को स्मार्ट बनाने की दिशा में कई कार्य किए जा रहे हैं। स्मार्ट शौचालय, स्मार्ट बग्गी, स्मार्ट ट्राली, स्मार्ट ट्रैफिक इन सभी योजनाओं पर कार्य हो रहा है। इन तमाम स्मार्ट सुविधाओं में सबसे अधिक जोर निगरानी से जुड़ी प्रणाली मजबूत करना है ताकि यात्रियों को सुविधाएं मिलने में कहीं कोई दिक्कत नहीं हो। स्मार्ट सुविधाओं से यात्रियों को जहां पहले से मजबूत सुविधा मिलेगी तो वहीं संबंधित सेवाओं से जुड़ी एजेंसी की कार्य दक्षता भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में नए साल के जश्न में न पड़े भंग, पुलिस ने बढ़ाई सिक्योरिटी, 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।