विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: एक जनवरी को पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, दिल्ली-NCR में बढ़ेगी गलन: कोहरे को लेकर अलर्ट जारी

Published: Mon, 30 Dec 2024 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 30 Dec 2024 07:26 AM (IST)

पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली-NCR में बढ़ती गलन के साथ मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी ...और पढ़ें

सर्दी की एक ठंडी सुबह में यमुना घाट पर ऊनी कपड़ों में लिपटा एक बच्चा अपने माता-पिता के साथ।
सर्दी की एक ठंडी सुबह में यमुना घाट पर ऊनी कपड़ों में लिपटा एक बच्चा अपने माता-पिता के साथ।

HighLights

  1. दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में 12 वर्षों में रविवार को सबसे ज्यादा रहा न्यूनतम तापमान।
  2. सामान्य से छह डिग्री अधिक 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने सोमवार सहित तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कोहरा अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

इस वजह से ठंड बढ़ सकती है। सोमवार को आकाश साफ रहेगा। सुबह में स्मॉग के साथ-साथ ज्यादातर जगहों पर घना कोहरा व कुछ जगहों पर बेहद घना कोहरा हो सकता है।

कितना रह सकता है तापमान

अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद 31 दिसंबर व एक जनवरी को मध्यम स्तर का या घना कोहरा होगा और न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री रहने की संभावना है।

अभी पश्चिम विक्षोभ है सक्रिय

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के कारण आकाश में बादल होने पर रात के वक्त तापमान थोड़ा अधिक रहता है और दिन में अधिकतम तापमान कम रहता है। रविवार को आकाश में बादल होने से न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

एक जनवरी से पहाड़ों पर बर्फबारी

एक जनवरी से पश्चिम हिमालय क्षेत्र में फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस वजह से हिमाचल प्रदेश बर्फबारी होने की संभावना है। इसके प्रभाव से दिल्ली में भी ठंड बढ़ सकती है।

न्यूनतम तापमान 12 वर्षों में रहा सबसे ज्यादा

राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से रविवार सुबह दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में न्यूनतम तापमान 12 वर्षों में सबसे अधिक रहा। इससे शनिवार की रात व रविवार सुबह दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में 12 वर्षों में सबसे अधिक ठंड से राहत भरी रही।

वहीं, सुबह के मुकाबले दिन में उत्तर पश्चिम से थोड़ी तेज हवा व पूरी तरह धूप नहीं निकल पाने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस वजह से दिन में ठंड ज्यादा महसूस की गई। 

दिल्ली में कल कैसा रहा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को आईजीआई एयरपोर्ट के पास मध्यम स्तर का कोहरा होने के कारण सुबह में न्यूनतम दृश्यता 350 मीटर रही। सुबह साढ़े नौ बजे दृश्यता बढ़कर 500 मीटर हो गई। सफदरजंग के पास हल्का कोहरा होने से सुबह सात से साढ़े सात बजे के बीच न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर रही।

वहीं, दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में इससे अधिक न्यूनतम तापमान 16 दिसंबर 2012 को 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इसके बाद 21 व 23 दिसंबर 2013 को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस, 28 दिसंबर 2015 को 12.2 डिग्री सेल्सियस, 21 दिसंबर 2017 को 12 डिग्री सेल्सियस और पिछले वर्ष 30 दिसंबर को 11.8 डिग्री सेल्सियस था।

इन सबके मुकाबले रविवार को न्यूनतम तापमान अधिक रहा। इसके अलावा मौसम विभाग की वेबसाइट पर मौजूद डाटा के अनुसार दिसंबर के चौथे सप्ताह में इतना ज्यादा न्यूनतम तापमान पिछले 14 वर्षों में पहली बार रहा है।