यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: आज से मौसम लेगा करवट, अगले तीन दिन को लेकर IMD ने दिया बड़ा अपडेट
Delhi Weather Update दिल्ली में बढ़ती गर्मी से जल्द राहत मिलेगी। बृहस्पतिवार से तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान ...और पढ़ें

HighLights
- केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी।
- अधिकतम और न्यूनतम तापमान रह सकता है क्रमश: 34 और 18 डिग्री सेल्सियस।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बृहस्पतिवार से राजधानी का मौसम करवट लेगा। अगले तीन दिन तक न केवल आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है बल्कि हल्की वर्षा भी हो सकती है। इससे रोजाना बढ़ रहे तापमान पर भी ब्रेक लगेगा। साथ ही गर्मी से अगले कई दिन राहत मिलने की संभावना है।
इस बीच बुधवार को साफ आसमान और खिली रही तेज धूप के बीच सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व मंगलवार को यह 34.8 डिग्री रहा था।

हवा में नमी का स्तर 92 से 28 प्रतिशत रिकॉर्ड
बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पीतमपुरा में यह सबसे ज्यादा 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 92 से 28 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रात के समय बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
.jpg)
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान पर अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का एरिया भी बन रहा है। इसी के असर से बृहस्पतिवार से अगले तीन दिन के दौरान न केवल दिल्ली बल्कि एनसीआर और उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम करवट लेगा।
दिल्ली की हवा खराब, एक्यूआई रहा 228
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली की हवा फिर बिगड़ गई। एक्यूआई 228 यानी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पहले मंगलवार को यह 262 रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 34 अंकों का इजाफा देखने को मिला।
एनसीआर के शहरों में भी यह मध्यम से खराब श्रेणी में ही दर्ज किया गया। गुरुग्राम का एक्यूआइ 259, गाजियाबाद का 282, ग्रेटर नोएडा का 136, फरीदाबाद का 111 और नोएडा का 149 रिकार्ड किया गया। हाल फिलहाल इसमें अधिक वृद्धि के कोई आसार नहीं हैं। मध्यम से खराब श्रेणी के बीच ही बना रहेगा।

