NDMC खान मार्केट, गोल मार्केट और अकबर भवन समेत 4 परिसरों को बनाएगी मॉडर्न; पीपीपी माॅडल पर तैयार होगी योजना
एनडीएमसी लुटियंस दिल्ली के चार प्रमुख व्यावसायिक परिसरों, जिनमें खान मार्केट, अकबर भवन और गोल मार्केट शामिल हैं, का पीपीपी मॉडल पर पुनर्विकास करेगी।

एनडीएमसी 15 एकड़ में फैले इन परिसरों को एकीकृत व्यावसायिक और खुदरा केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
खान मार्केट कम्युनिटी सेंटर का होगा आधुनिकीकरण।
गोल मार्केट में बनेगा सांस्कृतिक केंद्र और संग्रहालय।
अकबर भवन, सुपर बाजार का भी होगा पुनर्विकास।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लुटियंस दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक परिसरों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने और उनकी उपयोगिता बढ़ाने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने पुनर्विकास की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके तहत खान मार्केट कम्युनिटी सेंटर समेत चार प्रमुख परिसरों का कायाकल्प किया जाएगा। इनमें चाणक्यपुरी का अकबर भवन, गोल मार्केट स्थित शहीद भगत सिंह प्लेस और कनाॅट प्लेस के पास स्थित पुराना सुपर बाजार भवन शामिल हैं। एनडीएमसी इन्हें सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माॅडल पर विकसित करने पर काम कर रहा है।
पुनर्विकास की विस्तृत योजना तैयार होगी
इसके लिए एनडीएमसी ने इन परिसरों के पुनर्विकास की रूपरेखा तैयार करने के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने के लिए अभिरूचि आमंत्रित की है। यह ट्राजेक्शन एडवाइजर इन संपत्तियों की मौजूदा स्थिति, व्यावसायिक संभावनाओं, निवेश और आर्थिक व्यवहार्यता का आकलन करेंगे। इसके आधार पर पुनर्विकास की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
खान मार्केट कम्युनिटी सेंटर में बढ़ेंगी व्यावसायिक गतिविधियां
एनडीएमसी के अनुसार करीब 15 एकड़ में फैले इन परिसरों को एकीकृत व्यावसायिक और खुदरा केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें लोकनायक भवन, एनडीएमसी और सीपीडब्ल्यूडी के कर्मचारी आवास, बहुस्तरीय पार्किंग और पृथ्वीराज मार्केट का क्षेत्र शामिल है।
योजना के तहत करीब एक लाख वर्गफुट निर्मित क्षेत्र विकसित करने की संभावना है। एनडीएमसी की योजना के अनुसार परिसर में पुराने और जर्जर कर्मचारी आवासों के पुनर्विकास पर भी विचार किया जा रहा है।
इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मौजूदा पार्किंग स्थल को भूमिगत बहुस्तरीय पार्किंग में बदलने का विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। इससे इस क्षेत्र में आने वाले लोगों को पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
गोल मार्केट में बनेगा सांस्कृतिक केंद्र
गोल मार्केट स्थित शहीद भगत सिंह प्लेस को संग्रहालय और आर्ट गैलरी के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, चाणक्यपुरी के अकबर भवन और यशवंत प्लेस क्षेत्र की संपत्तियों को व्यावसायिक उपयोग के लिहाज से विकसित किया जाएगा। यहां करीब 95 हजार वर्गफुट का बहुस्तरीय व्यावसायिक परिसर बनाने की संभावना है। इसमें खुदरा दुकानें और कार्यालय विकसित किए जा सकते हैं।
परियोजना के तहत कनाट प्लेस के पास स्थित पुराने सुपर बाजार भवन को भी नया स्वरूप देने की तैयारी है। वर्ष 1966 में सहकारी स्टोर के रूप में शुरू हुआ सुपर बाजार कभी दिल्ली में खरीदारी का प्रमुख केंद्र था।
आर्थिक समस्याओं के कारण वर्ष 2002 में इसे बंद कर दिया गया था। अब एनडीएमसी भवन की संरचनात्मक स्थिति का आकलन कराएगी। इसके बाद तय होगा कि मौजूदा भवन का नवीनीकरण किया जाए या नए सिरे से विकास किया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।