जुलाई से नोएडा एयरपोर्ट का हो जाएगा और विस्तार, उड़ानें होंगी तीन गुना; 16-17 शहरों से जुड़ेगा NIA
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जुलाई से अपनी उड़ानों और नेटवर्क को तीन गुना बढ़ाएगा, जिससे यह 16-17 शहरों से जुड़ जाएगा। फिलहाल 5 शहरों के लिए 12 दैनिक उड़ा ...और पढ़ें
-1782375947892-1782456663950-1782456674869_m.webp)
जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 16-17 शहरों के लिए उड़ानें मिलना शुरू हो जाएंगी। फाइल फोटो
HighLights
जुलाई से नोएडा एयरपोर्ट की उड़ानें होंगी तीन गुना।
एयरपोर्ट 16-17 शहरों से जुड़ेगा, 40-45 उड़ानें होंगी।
10 दिनों में संचालन स्थिर, यात्री संतुष्टि पर जोर।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) जुलाई से अपने नेटवर्क और उड़ानों को तीन गुना करने जा रहा है। 15 जून को शुरू हुए एयरपोर्ट ने पहले 10 दिनों में आने वाली अपेक्षित और अप्रत्याशित चुनौतियों को पार करते हुए संचालन को स्थिर कर लिया है। जल्द ही इस एयरपोर्ट से 16-17 शहरों के लिए उड़ानें मिलना शुरू हो जाएंगी।
फिलहाल, एयरपोर्ट पर इंडिगो और अकासा एयर की कुल 12 दैनिक उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इनमें 6 आने वाली और 6 जाने वाली हैं। ये उड़ानें नवी मुंबई, जम्मू, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु समेत पांच शहरों के लिए हैं। पहली उड़ान सुबह 8 बजे आती है और आखिरी उड़ान 12 घंटे बाद रात में जाती है।
40-45 दैनिक उड़ानें संचालित होंगी
एनआईए के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने गुरुवार को टीओआई से कहा, 'पहले 10 दिनों के संचालन से हम कुल मिलाकर बहुत संतुष्ट हैं। कुछ मुद्दे अभी भी हैं जिन पर हम काम कर रहे हैं, लेकिन हम यात्रियों को वह एयरपोर्ट अनुभव देने में सफल रहे हैं जिसकी हमने उम्मीद की थी।'
उन्होंने आगे कहा कि रियल-लाइफ ऑपरेशन के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर को परखने का समय मिला है और अब हम 1 जुलाई से ऑपरेशंस बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उस दिन हम 16-17 गंतव्यों से जुड़ जाएंगे और करीब 40-45 दैनिक उड़ानें संचालित होंगी।
खबरें और भी

- जुलाई से एनआईए मुंबई, श्रीनगर, जम्मू, बरेली, भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, चंडीगढ़, जयपुर, जोधपुर, किशनगढ़, लखनऊ और पंतनगर समेत कई शहरों के लिए डायरेक्ट उड़ानें शुरू करेगा।
- उस समय पहली उड़ान शाम 6 बजे से पहले आएगी और आखिरी उड़ान देर रात तक जाएगी।
- 1 जुलाई से ऑपरेशंस बढ़ने के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 16-17 गंतव्यों से जुड़ जाएगा और करीब 40-45 दैनिक उड़ानें संचालित होने लगेंगी।
'छह साल पहले जहां खेत थे, आज वहां विश्व स्तर का एयरपोर्ट'
टर्मिनल पूरी तरह तैयार नहीं दिखने पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्नेलमैन ने कहा, 'यह प्रक्रिया अगले कई हफ्तों और महीनों तक जारी रहेगी। इतने बड़े और जटिल इंफ्रास्ट्रक्चर को चालू करने में यह सामान्य प्रक्रिया है। अगर सब कुछ ध्यान से देखें तो हम वाकई संतुष्ट और गर्व महसूस कर सकते हैं कि मात्र छह साल पहले जहां खेत थे, आज वहां विश्व स्तर का एयरपोर्ट खड़ा है।'

कनेक्टिविटी के वर्तमान साधन
कई यात्रियों ने एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी की समस्या और महंगे कैब किराए की शिकायत की है। श्नेलमैन ने कहा कि यह एयरपोर्ट ऑपरेटर के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, बल्कि सरकार को यह सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि एयरपोर्ट 6-लेन एक्सप्रेसवे से जुड़ा है और यीडा द्वारा संचालित एसी ई-बस सेवा मात्र 50 रुपये में नोएडा तक उपलब्ध है। नोएडा के बोटैनिकल गार्डन तक ऐप-बेस्ड कैब का किराया 600 रुपये से शुरू होता है।
आगे बनाएंगे एलिवेटेड रोड
वर्तमान में एनआईए पर सात फूड एंड बेवरेज आउटलेट्स और अन्य रिटेल स्टोर्स चल रहे हैं। पहले 10 दिनों में ई-गेट्स, डिजीयात्रा और एसी सिस्टम जैसी तकनीकी दिक्कतें देखने को मिलीं, जिन्हें सीमित ऑपरेशन के दौरान ठीक किया गया।
एनआईए की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां ड्रॉप-ऑफ के बाद यात्रियों को टर्मिनल तक करीब 100 मीटर पैदल चलना पड़ता है। श्नेलमैन ने बताया कि टर्मिनल को 1.2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ पैसेंजर सालाना क्षमता में विस्तार के समय एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला डिजाइन स्टेज पर लिया जाएगा।