विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में 14 से ज्यादा ATM काटने वाला मेवाती बदमाश गिरफ्तार, गैस कटर से मिनटों में करता था खेल

Published: Fri, 14 Aug 2026 01:28 AM (IST)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में 14 से अधिक एटीएम काटकर लाखों की चोरी करने वाले मेवात के ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने मेवात के कुख्यात एटीएम चोर जाहिद को दबोचा।

दिल्ली पुलिस ने मेवात के कुख्यात एटीएम चोर जाहिद को दबोचा।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने मेवात के कुख्यात एटीएम चोर जाहिद को दबोचा।

  2. दिल्ली-एनसीआर में 14 से अधिक एटीएम काटकर लाखों लूटे।

  3. गैस कटर से एटीएम काटने में माहिर, भगोड़ा अपराधी घोषित।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 14 से अधिक एटीएम काटकर लाखों रुपये चोरी करने के मामलों में शामिल मेवात के कुख्यात बदमाश मोहम्मद जाहिद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली और हरियाणा के तीन मामलों में विभिन्न अदालतों से वह भगोड़ा अपराधी घोषित था। स्पेशल सेल के भी एक केस में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था। मोहम्मद जाहिद को गैस कटर से मिनटों में एटीएम काटने और नकदी चोरी करने में महारत हासिल है।

डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक क्रइम ब्रांच की टीम काफी समय से दिल्ली-एनसीआर और मेवात क्षेत्र में सक्रिय भगोड़ों और कुख्यात अपराधियों पर नज़र रख रही थी। इसी क्रम में एसीपी राजपाल डबास और इंस्पेक्टर गौतम मलिक की टीम
को 12 अगस्त को सूचना मिली कि एटीएम काटने वाला जाहिद नाम का कुख्यात अपराधी भिवाड़ी स्थित रीको चौक के पास अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है। वहां से पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि जाहिद और उसके साथी (आरिफ, यूनुस और अब्बास) देर रात में सुनसान जगहों पर स्थित ऐसे एटीएम को निशाना बनाते थे, जहां लाइटें कम होती थी और सुरक्षा कमियों की तैनाती नहीं रहती थी। एटीएम के पास पहुंचकर ये लोग गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर सीधे कैश बाक्स तक पहुंच जाते थे और नकदी चोरी कर लेते थे। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद ये लोग नूंह स्थित अपने पैतृक गांव भाग जाते थे ताकि पुलिस की पकड़ से बचे रहें।

पकड़े जाने पर जेल से छूटने के बाद आरोपित ने अदालती कार्यवाही में शामिल होना बंद कर दिया था और लगातार अपने ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस को चकमा दे रहा था। मोहम्मद जाहिद, नूंह का रहने वाला है। 2012 में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मेवात के कुख्यात एटीएम चोरों के संपर्क में आ गया था। पहली बार 2012 में गीता कालोनी पुलिस ने उसे एटीएम से नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जहां उसने कई वारदात काे अंजाम देने की बात कही थी।

जेल से बाहर आने के बाद 2020 और फिर 2023 में वेलकम इलाके में वह दोबारा एटीएम काटने के मामलों में पकड़ा गया। जेल से छूटने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इस शातिर अपराधी के पकड़े जाने से अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है इससे भविष्य में होने वाली कई संभावित आपराधिक वारदातों पर लगाम लगेगी। इससे पूछताछ कर पुलिस इसके अन्य साथियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।