Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अपराधियों पर दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार', 2 दिन में 143 बदमाशों पर कसा शिकंजा; अवैध असलहा जब्त

    Updated: Mon, 12 Jan 2026 08:42 AM (IST)

    बाहरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए 'ऑपरेशन प्रहार' चलाया। दो दिवसीय अभियान में 143 आरोपी गिरफ्तार किए गए और 97 मामले दर्ज हुए। पुलि ...और पढ़ें

    दिल्ली पुलिस। जागरण

    दिल्ली पुलिस। जागरण

    HighLights

    1. 143 आरोपी गिरफ्तार, 97 आपराधिक मामले दर्ज किए गए।

    2. अवैध शराब, हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी बरामद।

    3. संगठित अपराध पर लगाम लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया।

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में बाहरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध पर लगाम लगाने और अपराधियों पर सख्त शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान ‘आपरेशन प्रहार’ चलाया। दो दिन तक चले इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ 97 आपराधिक मामले दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब, हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की गई।

    बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 13 हजार से अधिक शराब के क्वार्टर, चार पिस्टल, तीन कारतूस, 14 चाकू, 1.39 लाख रुपये नकद, 12 किलो से अधिक गांजा, 21.18 ग्राम स्मैक और 39 ब्यूप्रेनोरफिन टैबलेट बरामद की गईं।

    संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ जीरो-टालरेंस नीति को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से छह से आठ जनवरी के बीच आपरेशन प्रहार चलाया गया। इस दौरान जिले भर में गहन पैदल गश्त, दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पेट्रोलिंग, साथ ही पिकेट लगाकर सघन चेकिंग की गई।

    शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई

    अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को खत्म करने के लिए पुलिस ने विभिन्न इलाकों में छापामारी की। इस दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत 18 मामले दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में चार पिस्टल, तीन कारतूस और 14 चाकू बरामद किए गए।

    खबरें और भी

    जुआ गतिविधियों पर कसा शिकंजा

    जुए से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी और छापेमारी कर दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत 31 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 1.39 लाख रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, नोट पैड और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

    अवैध शराब नेटवर्क पर कार्रवाई

    पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया। दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 43 मामले दर्ज कर 43 शराब तस्करों और सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 13,237 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई।

    नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान

    मादक द्रव्य अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज किए गए और पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 12 किलो से अधिक गांजा, 21.18 ग्राम स्मैक और 39 ब्यूप्रेनोरफिन टैबलेट बरामद की गईं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 164 लोगों के खिलाफ चालान किए गए। वहीं, दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 46 लोगों और शांति भंग करने वाले 174 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

    67 चोरी के मोबाइल फोन बरामद

    पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी के वाहन बरामद किए। साथ ही 67 चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस हालत में खड़े 314 वाहनों को दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत जब्त किया गया।