'आपदा सरकार ने विकास रोका', दिल्ली में मेट्रो कॉरिडोर के उद्घाटन पर PM मोदी का AAP पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें मेट्रो के चौथे चरण का विस्तार भी शामिल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी ने दिल्ली में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
मेट्रो के चौथे चरण का विस्तार, कनेक्टिविटी में सुधार।
महिला सशक्तिकरण और 'लखपति दीदी' अभियान पर जोर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में विकास परियोजनाओं के कार्यक्रम में राजधानी के विकास को नई गति मिलने की बात कही।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष पहले दिल्ली की जनता ने नई उम्मीद और संकल्प के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाई थी और अब उसका परिणाम विकास कार्यों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने दिल्ली के सभी नागरिकों को इस विकास की अविरल धारा के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम एक और कारण से भी विशेष है क्योंकि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। उन्होंने कहा कि भारत आज महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है।
राजधानी में रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं और राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल व समाज सेवा के क्षेत्र में भारत की नारी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने देश की नारी शक्ति को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
दिल्ली केवल राजधानी नहीं, भारत की पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया का कोई भी व्यक्ति जब भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के बारे में सोचता है तो उसके मन में दिल्ली की तस्वीर आती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल भारत की राजधानी नहीं बल्कि देश की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक है। इसलिए दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली जितनी आधुनिक, सुविधाजनक और बेहतर कनेक्टिविटी वाली होगी, उतना ही भारत का आत्मविश्वास दुनिया के सामने मजबूत होकर सामने आएगा।
मेट्रो और कनेक्टिविटी से बदली दिल्ली की तस्वीर
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब दिल्ली की खराब व्यवस्थाओं की चर्चा होती थी और शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचने में कई घंटे लग जाते थे। बस और ऑटो के इंतजार में माताओं-बहनों का काफी समय बर्बाद होता था, लेकिन अब दिल्ली की तस्वीर बदल रही है।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि हाल ही में मेरठ से दिल्ली को नमो ट्रेन से जोड़ा गया है, जिससे दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा आसान हो गई है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो के चौथे चरण के उद्घाटन के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 375 किलोमीटर तक पहुंच गया है, जो दुनिया के कई बड़े शहरों से भी बड़ा है।
नए कॉरिडोर से लाखों लोगों को सुविधा मिलेगी और विशेष रूप से पूर्वी व उत्तरी दिल्ली के लोगों का सफर आसान होगा। साथ ही गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आना-जाना भी आसान होगा।
‘आपदा सरकार’ ने विकास रोका: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस “आपदा” से मुक्ति पाई, वह बहुत जरूरी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यहां आपदा सरकार नहीं होती तो मेट्रो का चौथा चरण कब का पूरा हो चुका होता, लेकिन स्वार्थ के कारण दिल्ली के विकास को रोक दिया गया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में विकास कार्यों में तेजी आई है और अब सरकार मिशन मोड में काम कर रही है।
बस सेवा और एक्सप्रेसवे से राहत
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में लाखों लोग बसों से सफर करते हैं और सरकार का प्रयास है कि राजधानी को बेहतर बस सेवा मिले। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई चार हजार से अधिक बसें दिल्ली की सड़कों पर चल रही हैं और पिछले एक वर्ष में ही 1800 बसें और जोड़ी गई हैं।
इनमें “देवी बस सेवा” भी शामिल है, जो कॉलोनियों को जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनने से लाखों वाहनों को अब दिल्ली में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है।
यमुना सफाई और स्वास्थ्य योजनाओं पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि यमुना की सफाई के लिए बड़े स्तर पर काम हो रहा है और करोड़ों रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार को लोगों की परेशानियों से कोई फर्क नहीं पड़ता था और खेल व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आयुष्मान योजना लागू करने के लिए पत्र लिखती रही, लेकिन पिछली सरकार ने ध्यान नहीं दिया। अब रेखा गुप्ता सरकार लगातार परिस्थितियों को बदलने में जुटी है और एक वर्ष में ही कई आरोग्य मंदिर शुरू किए गए हैं तथा आयुष्मान योजना लागू की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, लेकिन अब जमीन पर उतर रहे हैं।
सरोजनी नगर में बने नए सरकारी आवास
प्रधानमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में आने से पहले उन्हें सरोजनी नगर में बने नए सरकारी आवास देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ये आवास उन सरकारी कर्मचारियों के लिए बनाए गए हैं जो राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। ऐसे कर्मयोगियों को साफ-सुथरे और सुरक्षित घर मिलना जरूरी है।
गरीबों और रेहड़ी-पटरी वालों को मदद
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। महिलाएं, किसान, श्रमिक, छोटे काम करने वाले और रेहड़ी-पटरी वाले सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय रेहड़ी-पटरी वालों का महत्व समझ में आया। पहले उन्हें छोटे काम के लिए ऊंचे ब्याज पर पैसे लेने पड़ते थे, लेकिन अब उन्हें बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा गया है।
दिल्ली में लगभग दो लाख लोगों को साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये की मदद इस योजना से मिली है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी चलाने वाली कुछ महिलाओं से संवाद करने का अवसर मिला और उनकी प्रगति देखकर खुशी हुई।
प्रधानमंत्री ने बताया कि अब स्वनिधि क्रेडिट कार्ड अभियान के जरिए उन्हें सस्ती ऋण सुविधा दी जा रही है, जो गरीबों के स्वाभिमान का माध्यम बन रहा है।
‘लखपति दीदी’ अभियान का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने तीन करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का संकल्प लिया था, जिस पर कई लोगों ने मजाक उड़ाया था।
उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गर्व के साथ कहा जा सकता है कि यह लक्ष्य पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि देश की माताओं-बहनों में अपार क्षमता है और अवसर मिलने पर वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि गांवों में महिलाओं के पास हुनर और मेहनत तो थी, लेकिन पूंजी और अवसर नहीं थे। इसलिए उन्हें स्वयं सहायता समूहों और बैंकों से जोड़ा गया, प्रशिक्षण दिया गया और बाजार से जोड़ा गया।
आज देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उन्हें लाखों करोड़ रुपये की सहायता मिली है। इससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आय बढ़ा रही हैं।
उन्होंने घोषणा की कि अब सरकार तीन करोड़ और नई “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
राष्ट्रपति के अपमान का आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वे एक पीड़ा भी साझा करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति संथाल आदिवासी परंपरा के एक बड़े उत्सव में शामिल होने बंगाल गई थीं, लेकिन वहां उनके और आदिवासी समाज के सम्मान की जगह कार्यक्रम को बदइंतजामी के हवाले कर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने इसे संविधान, लोकतंत्र और आदिवासी समाज के सम्मान का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस अपमान के लिए टीएमसी को कभी माफ नहीं करेगी।
‘विकास भी, विरासत भी’ पर काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपरा हमें सम्मान करना सिखाती है। दिल्ली में “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वालों के सम्मान में युद्ध स्मारक भवन, नया संसद भवन और अन्य परियोजनाएं नई सोच को दर्शाती हैं।
हाल ही में भारत मंडपम में विश्व एआई सम्मेलन आयोजित हुआ और भारत मंडपम तथा यशोभूमि देश की क्षमता दिखाने के केंद्र बन चुके हैं। प्रधानमंत्री संग्रहालय और युगे-युगीन संग्रहालय भी दिल्ली की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक सफर के साथ दिल्ली आधुनिक भारत की साक्षी बन रही है और सभी को मिलकर संकल्पों को पूरा करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि रेखा गुप्ता और उनकी टीम के नेतृत्व में दिल्ली में विकास कार्य और तेजी से आगे बढ़ेंगे तथा हर परिवार का जीवन बेहतर होगा।