विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाल किले पर जेन-जी से रूबरू हुए पीएम मोदी, युवाओं ने कहा- सरकार ने सुनी हमारी बात

Published: Sun, 16 Aug 2026 12:25 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर जेन-जी छात्रों से मुलाकात की, जहां छात्रों ने पेपर लीक प्रदर्शनों के बाद ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर जेन-जी छात्रों से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर जेन-जी छात्रों से मुलाकात की

निहाल सिंह, नई दिल्ली। पेपर लीक को लेकर पिछले माह हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद यह पहला मौका था, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परोक्ष रूप से जेन-जी को संबोधित किया। लाल किले से अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं के रोजगार, खेल, शिक्षा और उनकी महत्वाकांक्षाओं का जिक्र किया।

इसके बाद जब प्रधानमंत्री लाल किले के सामने वंदे मातरम् की आकृति बनाए बैठे जेन-जी के बीच पहुंचे तो युवाओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर उनके मुंह से यही निकल रहा था कि उनका सपना पूरा हो गया।

हर वर्ष लाल किले पर स्कूली बच्चे कार्यक्रम में शामिल होते हैं, लेकिन इस बार यहां बड़ी संख्या में कालेज विद्यार्थी भी मौजूद थे। कोई राजनीतिक विज्ञान का छात्र था तो कोई विज्ञान विषय में स्नातक कर रहा था।

दिल्ली के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से आए इन युवाओं का कहना था कि जिस दिन उनका चयन लाल किले के सामने बैठने के लिए हुआ था, तभी से वे प्रधानमंत्री को करीब से देखने के लिए उत्साहित थे। उनका सपना था कि पीएम को नजदीक से देखें और उनसे हाथ मिला सकें। शनिवार को यह सपना पूरा हो गया।

जेन-जी के हालिया प्रदर्शनों को लेकर युवाओं ने कहा कि सरकार ने उनकी बात सुनी है और इस दिशा में कई कदम भी उठाए हैं। अब युवाओं को अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही पेपर लीक की समस्या का स्थायी समाधान भी जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य पर इसका असर न पड़े।

प्रधानमंत्री इसके बाद दर्शक दीर्घा में भी गए और वहां मौजूद विशेष मेहमानों से मुलाकात की। नागरिकों के बीच पहुंचने पर भी लोगों में उत्साह नजर आया। कोई मोबाइल से उनकी तस्वीर लेने लगा तो कोई उनसे हाथ मिलाने की कोशिश करता दिखा।

कई लोगों ने प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री के दर्शकों के बीच पहुंचते ही सुरक्षा कर्मी भी सक्रिय हो गए और उन्हें सुरक्षा घेरे में लेने के लिए दौड़भाग करते नजर आए। इसके बावजूद प्रधानमंत्री कई बार सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन करते रहे।

''पीएम को इतने नजदीक से देखकर खुशी हुई''

हमें खुशी है कि पीएम को इतने नजदीक से देखने का मौका मिला। प्रधानमंत्री ने हमारे पास आकर वंदे मातरम् का जयघोष कराया। जेन-जी की बात सरकार ने सुनी है और इस दिशा में काम भी हो रहा है। इसलिए अब युवाओं को अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।
-मो. अथर जावेद, एनसीसी कैडेट, बरेली

''टीवी पर देखा था, आज सामने देखकर अच्छा लगा''

लाल किले पर आने के लिए चयन होने के बाद से ही मैं उत्साहित था। प्रधानमंत्री हमारे बीच आए तो बहुत अच्छा लगा। उन्हें अभी तक टीवी पर ही देखा था, लेकिन आज नजदीक से देखकर खुशी हुई। सरकार ने जेन-जी की बात सुनी है। अब ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा न हों।
-अंश ग्रोवर, छात्र, आइपी यूनिवर्सिटी

''गरीब विद्यार्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग उपयोगी''

प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहित करने और मुफ्त कोचिंग की सुविधा देने की घोषणा की है। यह अच्छी पहल है, क्योंकि गरीब विद्यार्थी महंगी कोचिंग नहीं ले पाते। प्रधानमंत्री को लाल किले से सुनने और फिर उन्हें अपने बीच देखने का अनुभव अच्छा रहा।
-सुनीता, छात्रा, अंबेडकर कॉलेज, डीयू

''वंदे मातरम् के जयघोष से बढ़ेगी देशभक्ति''

लाल किले पर पहली बार वंदे मातरम् का गायन हुआ। यह अच्छा लगा। इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के लिए कई घोषणाएं की हैं। विकसित भारत के लिए जो लक्ष्य रखा गया है, उसे हम सभी को मिलकर पूरा करना है।
-मालती, छात्रा