दिल्ली के पूठ खुर्द फायरिंग मामले में आंध्र प्रदेश से 2 शूटर गिरफ्तार, हिमांशु भाऊ गैंग से कनेक्शन की जांच
बाहरी दिल्ली के पूठ खुर्द में फायरिंग मामले में पुलिस ने आंध्र प्रदेश से दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
HighLights
बाहरी दिल्ली के पूठ खुर्द फायरिंग में दो शूटर गिरफ्तार।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से हुई गिरफ्तारी, ट्रांजिट रिमांड प्रक्रिया में।
हिमांशु भाऊ गिरोह से संबंधों और रंगदारी की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में बवाना के पूठ खुर्द में कारोबारियों की फैक्ट्री और गोदाम के बाहर फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की पहचान सुल्तानपुर डबास निवासी अरुण शर्मा उर्फ अरुण उपाध्याय (19) और सूरज (19) के रूप में हुई है। दोनों को वारदात में शामिल शूटर बताया जा रहा है। पुलिस उन्हें दिल्ली लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है।
कार पर गोलियां चलाईं
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 19 अक्टूबर को कपिल धर्मकांटे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कारोबारी अभय जैन की फैक्ट्री के गेट और वहां खड़ी हुंडई ऑरा कार पर गोलियां चलाई थीं। वारदात में कोई घायल नहीं हुआ था।
दबाव बनाने की आशंका जताई
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग के पीछे रंगदारी के लिए दबाव बनाने की आशंका जताई जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर डाकू कुलेसिया और विक्की हडडल के नाम से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाएगी कि उनका हिमांशु भाऊ गिरोह से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, फायरिंग के पीछे किसका हाथ था और वारदात किसके कहने पर की गई, इसकी भी जांच की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
