विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DTC बस ड्राइवर बनकर छिपा था मनचला: आनंद विहार से भगोड़ा कमल गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की कार्रवाई

Published: Wed, 26 Aug 2026 05:15 PM (IST)

द्वारका जिला पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में भगोड़े अपराधी कमल को आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

डीटीसी बस चालक बनकर छिपा भगोड़ा कमल आनंद विहार से गिरफ्तार। (एआई जेनरेटेड इमेज)

डीटीसी बस चालक बनकर छिपा भगोड़ा कमल आनंद विहार से गिरफ्तार। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. भगोड़ा अपराधी कमल आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार।

  2. छेड़छाड़ मामले में डीटीसी बस चालक बनकर छिपा था।

  3. द्वारका पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पकड़ा।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें महिला से छेड़छाड़ के मामले में सुनवाई से बच रहा घोषित अपराधी कमल डीटीसी बस चालक बनकर छुपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे वर्ष 2025 में भगोड़ा अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में एंटी-जेल बेल एंड प्रोक्लेम्ड आफेंडर सेल के प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में हेड कांस्टेबल राहुल यादव और कांस्टेबल अंकुर शामिल थे।

कमल के खिलाफ साल 2021 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार कमल (39) के खिलाफ डाबरी थाने में वर्ष 2021 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए और 324 के तहत मामला दर्ज था। मामले की सुनवाई के दौरान वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद द्वारका कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट वैशाली सिंह की अदालत ने 17 अप्रैल 2025 को उसे भगोड़ा अपराधी (पीओ) घोषित कर दिया था।

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कमल अदालत की कार्रवाई से बच रहा है और वर्तमान में दिल्ली में डीटीसी बस चालक के रूप में काम कर रहा है। सूचना मिली कि वह शाम करीब छह बजे आनंद विहार बस अड्डे पर पहुंचेगा।

टीम आनंद विहार बस अड्डे पहुंची और वहां निगरानी शुरू कर दी

सूचना के आधार पर पुलिस टीम आनंद विहार बस अड्डे पहुंची और वहां निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद कमल बस अड्डे की ओर पैदल जाता हुआ दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे डाबरी थाने से संबंधित मामले में कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार कमल मूल रूप से बलवीर विहार, किराड़ी, सुल्तानपुरी नगर का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह इससे पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल नहीं रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली और खरखौदा वालों का सफर आसान, औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए चलेगी सीधी बस; देखें टाइमिंग और रूट