विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस से पहले लालकिला की सुरक्षा पर सवाल, दिल्ली HC के आदेश के बाद भी नहीं हटे अवैध कब्जे

Updated: Wed, 15 Jul 2026 01:55 AM (IST)

लालकिला और चांदनी चौक में आतंकी धमाके के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था लचर है, जिससे अवैध कब्जे और अराजकता बढ़ रही है। दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है, क्योंकि हाई कोर्ट के आदेश भी बेअसर साबित हो रहे हैं।

लाल किला मुख्यद्वार के सामने अतिक्रमण कर लगी रेहड़ी और आटो और ई रिक्शा का जमावड़ा। जागरण

लाल किला मुख्यद्वार के सामने अतिक्रमण कर लगी रेहड़ी और आटो और ई रिक्शा का जमावड़ा। जागरण

HighLights

  1. लालकिला-चांदनी चौक में सुरक्षा व्यवस्था लचर, अराजकता बढ़ी।

  2. अवैध पार्किंग, रेहड़ी-पटरी वालों का कब्जा बरकरार, जाम की स्थिति।

  3. दुकानदारों ने गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की गुहार लगाई।

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। लालकिला आतंकी धमाके के बाद भी पाक आधारित आतंकी संगठनों के मंसूबे थमे नहीं है, बल्कि दिल्ली समेत देश के विभिन्न शहरों को दहलाने की नापाक कोशिशें जारी है। उसका भाडाफोड़ हाल ही में स्लीपर सेल की गिरफ्तारियों से हुआ है।

तब भी उत्तरी जिला पुलिस सतर्क और सक्रिय रहने को तैयार नहीं है, बल्कि दिल्ली के सर्वाधिक संवेदनशील और सघन क्षेत्र लालकिला व चांदनी चौक में अराजकता की स्थिति बढ़ती जा रही है। स्थिति यह कि दिल्ली हाई कोर्ट तथा दिल्ली सरकार के आदेश भी बेअसर साबित हो रहे हैं।

यह उस लालकिला के सामने जहां आतंकी धमाका हुआ था। स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आने पर जहां सुरक्षा व्यवस्था और सख्त हो जानी चाहिए। वहां वह उतनी ही लचर और लापरवाह नजर आती है।

जिससे चिंतित दुकानदाराें व जनप्रतिनिधियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप का आग्रह किया है।

लालकिले के सामने हुआ था आतंकी हमला

लालकिला के ठीक सामने पिछले वर्ष 10 नवंबर को आतंकी धमाका हुआ था। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने का दावा किया था।

इसी तरह, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के साथ ही कानून व्यवस्था और नागरिक व्यवस्था बेहतर करने के दिशा-निर्देश दिए थे। लेकिन वह दावे-वादे कुछ ही दिनों में हवा हवाई हो गए।

स्थिति यह कि लालकिला के सामने सुभाष मार्ग पर दोनों ओर अवैध पार्किंग व रेहड़ी-पटरी वालों कब्जा बरकरार है। सड़क व फुटपाथ के साथ बस स्टैंड की सीमाएं धुंधली हो गई है।

हर ओर कब्जा, जाम और उससे जूझते वाहन और राहगीर है। चिंता यह कि कोई भी आतंकी घटना या कोई और हादसा होता है तो वहां से तत्काल भागने और बचाव अभियान चलाने में बड़ी मुश्किलें आएंगी। यह चिंता दुकानदारों को सता रही है।

आश्चर्य यह कि हाई कोर्ट ने दो माह पूर्व गत 12 मई को ही लालकिला के सामने संचालित अवैध पार्किंग को हटाने के आदेश दिए थे।

नहीं हटे रेहड़ी-पटरी वाले

इसी तरह, रेहड़ी-पटरी वालों के लिए प्रतिबंधित सुभाष मार्ग व चांदनी चौक में अवैध रेहड़ी-पटरी वालों का कब्जा हटाने के लिए पूर्व में हाई कोर्ट ने कई आदेश दिए हैं। पर वह लागू नहीं हो रहा है।

बल्कि लालकिला चौकी भी रेहड़ी-पटरी वालों तथा अवैध पार्किंग के कब्जे में नजर आता है। महापौर प्रवेश वाही की भी एमसीडी अधिकारियों को अवैध कब्जा हटाने संबंधित आदेश भी जमीन पर नहीं उतरे हैं।

77831369

चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव आश्चर्य मिश्रित चिंता जताते हुए कहते हैं कि पिछले सप्ताह ही विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) देवेश श्रीवास्तव से मुलाकात में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने लालकिला आतंकी धमाके का जिक्र करते हुए मौजूदा डर पैदा करने वाली व्यवस्था पर चिंता प्रकट की थी।

विशेष आयुक्त ने भी हालात को गंभीर बताते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। संजय भार्गव कहते हैं कि यह मामला अति गंभीर है इसलिए उन लोगों ने मिलने के लिए उपराज्यपाल का वक्त मांगा है।

इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप का आग्रह करते हैं कि वह औचक निरीक्षण पर आए और यहां की भयावह स्थिति देखें।

माफियागिरी हावी, कोई सुनने को तैयार नहीं

स्थानीय भाजपा पार्षद सुमन गुप्ता बेबसी जताते हुए कहते हैं कि यहां माफियागिरी हावी है। कोई सुनने को तैयार नहीं है। एमसीडी के साथ पुलिस अधिकारियों को कई पत्र लिख लिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। एक बार फिर पुलिस अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वह अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हो।

अन्यथा उसकी बड़ी कीमत स्थानीय व्यापारियों, खरीदारों तथा पर्यटकों के साथ गुजर रहे लोगों को उठानी पड़ सकती है। चांदनी चौक के ठीक सामने सुभाष मार्ग पर हुए लालकिला आतंकी धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार सहित तीन गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी