Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना, कहा- न्यायिक प्रक्रिया पर प्रश्न उठाना अनुचित

    Updated: Mon, 27 Apr 2026 07:12 PM (IST)

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा न्यायिक प्रक्रिया और न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा पर अविश्वास जताने की ...और पढ़ें

    HighLights

    1. रेखा गुप्ता ने केजरीवाल के न्यायिक रवैये की निंदा की

    2. केजरीवाल पर न्यायपालिका की गरिमा ठेस पहुँचाने का आरोप

    3. दिल्ली भाजपा ने केजरीवाल के आचरण को दुखद बताया

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र लिखकर उन पर अविश्वास प्रकट करने की कड़ी निंदा की है।

    उन्होंने कहा कि केजरीवाल का पूरा रवैया ‘न खाता न बही, केजरीवाल जो कहे वह सही’ जैसा हो गया है। उनका आचरण ऐसा प्रतीत होता है मानो वह स्वयं ही वकील, गवाह और न्यायाधीश बन बैठे हों।

    यदि सब कुछ वही तय करेंगे तो फिर न्याय व्यवस्था की आवश्यकता ही क्या रह जाएगी? न्यायपालिका पर बार-बार प्रश्न उठाना और संवैधानिक व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना उनकी कार्यशैली और मानसिकता का हिस्सा बन चुका है।

    न्याय व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाई 

    उन्होंने कहा कि अदालत में पेश न होने की बात करना और किसी न्यायमूर्ति पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना न केवल अनुचित है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।

    स्वयं की तुलना महात्मा गांधी और बलिदानी भगत सिंह जैसे महापुरुषों से करना अत्यंत आपत्तिजनक और शर्मनाक है। देश के इन महान नायकों के नाम का इस प्रकार उपयोग करना उनकी गरिमा का अपमान है।

    यदि कोई स्वयं को निर्दोष बताता है तो उसे अदालत में अपने पक्ष को साबित करना चाहिए। बाहर बैठकर सत्याग्रह का दावा करना अनुचित है।

    नौटंकी छोड़कर न्यायिक प्रक्रिया का पालन करें: सचदेवा

    दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि केजरीवाल जिस संविधान की शपथ लेकर तीन बार दिल्ली के मुख्य मंत्री बने, आज सजा मिलने के भय से उसी संविधान की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं। बेहतर होगा वह यह नौटंकी छोड़कर न्यायिक प्रक्रिया का पालन करें।

    यह भी पढ़ें- जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के सामने पेश नहीं होंगे अरविंद केजरीवाल, लिखा पत्र- 'न्याय की उम्मीद टूट चुकी है...'