सेना के शौर्य संग कर्तव्य पथ पर पहली बार 'बैक्ट्रियन ऊंट', गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल की अनदेखी तस्वीरें
इस गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना की शक्ति, भौगोलिक विविधता और साहसिक कौशल का अभूतपूर्व प्रदर्शन होगा। पहली बार लद्दाख के दो कूबड़ वाले ऊंट और डाक ...और पढ़ें

लद्दाख के डबल-हंप यानी दो कूबड़ वाले बैक्ट्रियन ऊंट पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में दिखेंगे। सभी फोटो: ध्रुव कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ध्रुव कुमार, नई दिल्ली। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में देश की सैन्य शक्ति, भौगोलिक विविधता और साहसिक कौशल का ऐसा प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया। गणतंत्र दिवस परेड को लेकर कर्तव्य पथ पर रिहर्सल चल रही है, जहां सेना का काैशल देखने को मिल रहा है। आइए दैनिक जागरण के छायाकार धुव्र कुमार की तस्वीरों के जरिये देखते हैं रिहर्सल की झलक।

कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में भारतीय सेना की ताकत सिर्फ हथियारों और टुकड़ियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दुर्गम इलाकों में सेवा देने वाले विशेष पशु दस्तों और हैरतअंगेज करतबों के जरिए भी सामने आएगी।

इस वर्ष परेड की सबसे बड़ी खासियत लद्दाख के डबल-हंप यानी दो कूबड़ वाले बैक्ट्रियन ऊंटों की पहली बार भागीदारी है। ये ऊंट भारतीय सेना के पशु दस्ते का हिस्सा हैं और लद्दाख जैसे अत्यंत ठंडे व दुर्गम क्षेत्रों में रसद पहुंचाने, गश्त और अन्य सैन्य अभियानों में अहम भूमिका निभाते हैं।

अपनी असाधारण सहनशक्ति के लिए पहचाने जाने वाले ये ऊंट माइनस 40 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी काम करने में सक्षम हैं।जब ये ऊंट कर्तव्य पथ पर मार्च करेंगे, तो यह दृश्य न केवल दर्शकों को आकर्षित करेगा, बल्कि भारत की भौगोलिक विविधता और सेना की अनुकूलन क्षमता का भी सशक्त संदेश देगा।

परेड में इस बार एक और नया आकर्षण देखने को मिलेगा। पहली बार डाक स्क्वॉड दस्ता भी परेड का हिस्सा बनेगा, जो सैन्य अनुशासन और समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन करेगा।

इसके साथ ही मोटरसाइकिल पर सवार जवान अपने रोमांचक और जोखिम भरे करतब दिखाएंगे। तेज रफ्तार में संतुलन, एक-दूसरे पर खड़े होकर हैरतअंगेज संरचनाएं बनाते जवानों को देखकर दर्शक दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो जाएंगे।

कुल मिलाकर, इस बार की गणतंत्र दिवस परेड केवल पारंपरिक सैन्य मार्च तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शौर्य, शक्ति, साहस और नवाचार का जीवंत उत्सव बनकर सामने आएगी, जो हर भारतीय को गर्व से भर देगी।

यह भी पढ़ें- 26 जनवरी से पहले हमला कर सकते हैं बांग्लादेशी आतंकी, दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी