शालीमार बाग फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक गिरफ्तार
अशोक विहार थाना क्षेत्र में शालीमार बाग फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार विष्णु कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक राम ...और पढ़ें

ट्रक की टक्कर में बाइक सवार विष्णु कुमार की मौत।
HighLights
शालीमार बाग फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत।
ट्रक की टक्कर से 38 वर्षीय विष्णु कुमार ने गंवाई जान।
पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अशोक विहार थाना क्षेत्र में बुधवार को शालीमार बाग फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय विष्णु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सुबह करीब सात बजे अशोक विहार थाने में पीसीआर कॉल के माध्यम से शालीमार बाग फ्लाईओवर स्थित महिंद्रा शोरूम के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को दुर्घटनाग्रस्त हालत में बाइक मिली। मौके से गंभीर रूप से घायल विष्णु कुमार को तत्काल दीपचंद बंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी
जांच के दौरान दो प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक के चालक राम लाल कुमार यादव ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर लांबा हुंडई शोरूम के पास ट्रक को रोक लिया और चालक व उसके हेल्पर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया
घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर कब्जे में लिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है। पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मृतक की मेडिकल लीगल रिपोर्ट , घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आरोपित चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बुराड़ी इलाके के रहने वाले 38 वर्षीय विष्णु कुमार मायापुरी के एक निजी कंपनी में काम करते थे।
खबरें और भी
कार ने भी युवक को मारी टक्कर, पुलिस ने किया इनकार
इस हादसे में मौके पर मौजूद लाेगों का कहना था कि पहले बाइक सवार को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मारी थी । जिसके बाद ट्रक उसे कुछ दूर तक घसीटते ले गया था। हालांकि पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में कार की टक्कर का पता नहीं चला है, हालांकि आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे है।