विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सिर्फ दो कैदी क्यों हटाए', श्रद्धा हत्याकांड में आफताब की सुरक्षा पर कोर्ट सख्त; जेल प्रशासन से मांगा जवाब

By GauriEdited By: Shanu Sharma
Published: Fri, 06 Nov 2026 08:19 PM (IST)

श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपित आफताब पूनावाला की जेल सुरक्षा पर साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान जेल प्रशासन ...और पढ़ें

श्रद्धा वालकर हत्याकांड पर कोर्ट में सुनवाई। फोटो-जागरण आर्काइव

श्रद्धा वालकर हत्याकांड पर कोर्ट में सुनवाई। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. आफताब की जेल सुरक्षा पर साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई।

  2. आफताब ने तीन कैदियों से अभी भी खतरा बताया।

  3. कोर्ट ने जेल प्रशासन से नई रिपोर्ट मांगी 17 नवंबर तक।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपित आफताब अमीन पूनावाला की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई। जेल प्रशासन ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि आफताब को अलग सेल में रखा गया है और 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

हालांकि, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए आफताब ने बताया कि जिन पांच कैदियों से उसे खतरा था, उनमें से केवल दो को दूसरे वार्ड में भेजा गया है, जबकि तीन अब भी उसी वार्ड में मौजूद हैं। इस पर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने जेल प्रशासन से नई स्टेटस रिपोर्ट और स्पष्टीकरण मांगा है। इसे 17 नवंबर तक पेश करना होगा।

क्या है आफताब का आरोप?

जेल के उपअधीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, आफताब सेंट्रल जेल नंबर चार के अलग सुरक्षा वार्ड में है। उसकी निगरानी के लिए जेल कर्मचारियों के अलावा व्यक्तिगत टीएसपी एस्कार्ट भी तैनात किया गया है। एस्कार्ट सुबह सेल से बाहर निकलने से लेकर रात में बंद होने तक उसके साथ रहता है।

रिपोर्ट में कहा गया कि जांच में आफताब को धमकी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। आफताब ने कोर्ट को बताया कि उसे सुबह और शाम केवल 30-30 मिनट ही सेल से बाहर निकलने दिया जाता है।

कोर्ट ने पूछा सवाल

कोर्ट ने सवाल उठाया कि दो नवंबर के आदेश में पांच कैदियों का जिक्र था, फिर केवल दो को ही क्यों हटाया गया। जेल अधीक्षक से इस पर जवाब मांगा गया है। अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।

बता दें कि आफताब पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर का गला घोंटकर हत्या करने, उसके शव के 35 टुकड़े करने, उन्हें एक रेफ्रिजरेटर में रखने और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर फेंकने का आरोप है। उसे 12 नवंबर 2022 को इस हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह हत्या महरौली के एक किराए के फ्लैट में हुई थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सैदुलाजाब में कार शोरूम में लगी आग, डिलीवरी के लिए खड़ी 6 गाड़ियां खाक; दो महिलाओं समेत 19 को बचाया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।