अमेरिका-ईरान युद्ध विराम से हज यात्रियों को राहत, दिल्ली एयरपोर्ट से 21 हजार से ज्यादा हाजी भरेंगे उड़ान
अमेरिका-ईरान युद्ध विराम से हज यात्रियों और समिति को बड़ी राहत मिली है, जिससे पश्चिम एशिया में युद्ध के साए ...और पढ़ें

अमेरिका-ईरान युद्ध विराम से हज यात्रियों और समिति को बड़ी राहत मिली है। इमेज एआई
HighLights
अमेरिका-ईरान युद्ध विराम से हज यात्रियों को मिली राहत।
स्मार्ट बैंड और अलग ठहरने की सुविधा से यात्रा सुरक्षित।
दिल्ली से 21,000 से अधिक यात्री सऊदी अरब जाएंगे।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। पवित्र हज यात्रा के आरंभ होने से ठीक पहले अमेरिका व ईरान के बीच युद्ध विराम की खबर से यात्रियों तथा हज समिति के पदाधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
क्योंकि पश्चिम एशिया में युद्ध के साए में सुचारू हज यात्रा को लेकर आशंका थी। अब हज कमेटी के साथ ही हज यात्री उम्मीद कर रहे हैं कि पश्चिम एशिया सामान्य होने की ओर लौटेगा, जिससे हज यात्रा सुरक्षित व आरामदेह होगी।
विशेष बात कि इस वर्ष, दिल्ली स्थित आइजीआइ एयरपोर्ट से सऊदी एयरलाइंस की कुल 54 उड़ानों से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व बिहार समेत कुल 23 राज्यों के 21 हजार से अधिक हज यात्री सऊदी अरब के लिए उड़ान भरेंगे। सर्वाधिक उप्र से 11,038, दिल्ली 3,196, हरियाणा 1,631, बिहार 1,382, जम्मू-कश्मीर 1,012 व उत्तराखंड से 1,367 यात्री समेत अन्य राज्यों से हैं।
हज उड़ानें 18 अप्रैल से शुरू हो रही है, जिसके लिए एयरपोर्ट से तुर्कमान गेट स्थित हज मंजिल तक यात्रियों की सुविधा की तैयारियां तेज है। जाने वाले लोगों का टीकारण तेज है।
दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम हज यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए प्रतिबद्ध हैं। युद्ध के बीच भी हज संबंधित सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी खबर है कि युद्ध विराम हुआ है भले ही यह दो हफ्ते का ही हो, लेकिन उससे पश्चिमी एशिया में अनिश्चितता के बादल छंटने तथा बिना बाधा के हज यात्रियों के सऊदी अरब जाने की उम्मीद है। हज यात्री सैयद अकरम ने कहा युद्ध विराम काफी राहत देने वाली खबर है। अब निश्चिंत होकर हज यात्रा कर सकेंगे।
स्मार्ट बैंड से मिलेगी आपात सुविधा
इस बार हज यात्रियों को एआइ तकनीक से युक्त स्मार्ट बैंड दिया जाएगा। जो उनके लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। उसमें विशेष इमरजेंसी बटन है, जिसे भीड़ में खोने या अचानक तबीयत बिगड़ने पर दबाते ही कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा। उससे रिस्पांस टीम बेहद कम समय में जायरीन तक पहुंच सकेगी।
महिला व पुरुष हाजियों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था
इस बार सऊदी अरब में महिला व पुरुष हाजियों के ठहरने की व्यवस्था अलग-अलग कमरों में होगी। पूर्व के वर्ष में एक कमरे में दो से तीन परिवार ठहरते थे, जिससे पर्दा को लेकर असुविधा होती थी, ऐसे में सऊदी सरकार ने यह नई व्यवस्था दी है।
नहीं बना सकेंगे भोजन
इस बार, भोजन भी बनाने की सुविधा नहीं रहेगी। यह सुरक्षा कारणों से निर्णय लिया गया है। खाने की व्यवस्था बाहर करनी पड़ेगी। पहले हाजी खाने की व्यवस्था भी करते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।