विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करोड़ों के फ्लैट्स की कहानी: दिल्ली में हल्की बारिश में भरा पानी और गिरीं दीवारें, बेसमेंट पार्किंग जलमग्न

Published: Sun, 06 Sep 2026 12:42 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित करोड़ों के फ्लैट्स में निवासी बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा की बदहाली से परेशान हैं। ...और पढ़ें

बेसमेंट पार्किंग जलमग्न। जागरण

बेसमेंट पार्किंग जलमग्न। जागरण

HighLights

  1. हल्की बारिश में बेसमेंट पार्किंग में भर जाता है पानी।

  2. दीवारें गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त, बिजली पैनल का खतरा।

  3. RWA ने तत्काल स्ट्रक्चरल सुरक्षा ऑडिट की मांग की।

शालिनी देवरानी, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में वसंत कुंज के सेक्टर ई-1 में करोड़ों के फ्लैट्स में रहने वाले लोग बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली से परेशान हैं। नामी कॉलोनी में हल्की वर्षा में ही बेसमेंट पार्किंग में पानी भर जाता है और गाड़ियां डूब जाती है।

वहीं, शुक्रवार को हुई वर्षा के दौरान सोसायटी में दीवारें गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली पैनल गिरने से करंट फैलने का खतरा भी बना रहा। ऐसे में संभावित जोखिम को लेकर आरडब्ल्यूए ने सरकार व जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर तत्काल स्ट्रक्चरल सुरक्षा आडिट कराने व सुरक्षा पुख्ता करने की मांग उठाई है।

चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए

इलाके में खराब इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोग परेशान हैं। सोसायटी के एफ-ब्लाक में डीडीए की आवंटित बेसमेंट पार्किंग में वर्षा के दौरान पानी भर जाता है। एक दिन पहले हुई वर्षा के बाद सोसायटी में हालात बिगड़ गए और ई-7 व डी-9 ब्लाक में डीडीए की ओर से बनी दो बाहरी चारदीवारी ढह गई। इन दीवारों के साथ ओपन पार्किंग आवंटित है, जहां खड़े चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

वहीं, बिजली पैनल गिरने से करंट फैलने की आशंका से भी लोगों में डर बना रहा। इसके अलावा ए-1 और ए-2 ब्लाक के बीच एक पेड़ गिर गया जिससे दो गाड़ियों को नुकसान हुआ।

हादसा हुआ तो विभाग होगा जिम्मेदार

सेक्टर ई वसंत कुंज रेजीडेंट्स ज्वाइंट फोरम ने इस मामले में दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक कैलाश गहलौत और डीडीए के अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल सोसायटी का स्ट्रक्चरल सुरक्षा आडिट कराने की मांग की है। लिखा है कि निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव में लापरवाही के चलते सोसायटी में बड़ा हादसा हुआ तो जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। मामले पर ईमेल के जरिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया है।

नामी कालोनी में रहने के बावजूद हम लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। हल्की वर्षा में ही पेड़ और दीवारें गिरने से लोग डरे हुए हैं। पत्र भेजकर सरकार, जन प्रतिनिधियों से लेकर विभाग के अधिकारियों तक से तत्काल निरीक्षण करने की मांग की है। - मुनेश कुमार, संयोजक, आरडब्ल्यूए ज्वाइंट फोरम

एक ही दिन में दो दीवारें गिरने की घटनाएं होने से साफ है कि डीडीए की ओर से निर्माण की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई सामग्री में लापरवाही बरती गई है। नामी इलाके में रहने के बावजूद हम लोग असुरक्षा से घिरे हैं। किसी भी हादसे को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा आडिट होना चाहिए। - प्रवीण धीमान, स्थानीय निवासी

दीवारों गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। हल्की वर्षा में ही बेसमेंट पार्किंग में घुटनों तक पानी भर जाता है। विभाग को इन मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए ताकि हम लोग सुरक्षित रहें। - बिम्मी, स्थानीय निवासी

सोसायटी के बाहर डीडीए की आवंटित ओपन एरिया पार्किंग में गाड़ी खड़ी रहती है। एक दिन पहले दीवार ढहने से मेरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। गाड़ी के आगे और पीछे की दोनों लाइट टूट गई, बंपर और बोनट को भी नुकसान हुआ है। - गंगेश यादव, पीड़ित

ये हैं मुख्य मांगें

  • सोसायटी का स्ट्रक्चरल आडिट हो
  • गिरी हुई दीवारों का पुर्ननिर्माण हो
  • क्षतिग्रस्त बिजली पैनल ठीक हो
  • बेसमेंट पार्किंग में जलभराव का हो निजात
  • प्रभावित पार्किंग का निरीक्षण
  • खुले हिस्से को तत्काल सुरक्षित किया जाए