Bihar Election 2025: पटना जिले में महिला वोटरों की संख्या पुरुषों की तुलना में 2.65 लाख कम
पटना जिले में 48.15 लाख मतदाता हैं जिनमें 25.40 लाख पुरुष और 22.74 लाख महिलाएं शामिल हैं। दीघा में सबसे अधिक और पालीगंज में सबसे कम मतदाता हैं। पुरुष ...और पढ़ें

HighLights
- पटना में कुल 48.15 लाख मतदाता |
- दीघा में सबसे अधिक मतदाता |
- पालीगंज में सबसे कम मतदाता |
पवन कुमार मिश्र, पटना। गहन पुनरीक्षण के बाद जिले की सभी 14 विधानसभा सीटों के निर्वाचकों की सूची जारी कर दी गई है। जिले में कुल 48,15,294 मतदाता हैं। इनमें से 25,40,363 पुरुष व 22,74,774 महिलाएं हैं। इसके अलावा 157 थर्ड जेंडर के हैं।
शहरी सीट दीघा में सर्वाधिक 4,56,448 मतदाता हैं। कुम्हरार (4,30,016), पटना साहिब (3,88,369) व फुलवारी (3,84,138) जैसे शहरी-अर्ध शहरी सीटों में भी मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है।
वहीं, सुदूर ग्रामीण क्षेत्र पालीगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2,83,537 मतदाता हैं तो मसौढ़ी (एससी) व मोकामा जैसे अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम मतदाता है।
.jpeg)
वहीं, महिला मतदाताओं की भागीदारी में वृद्धि के बावजूद, जिले में अब भी पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है। वर्तमान में पुरुष मतदाताओं की तुलना में 2.65 लाख महिला मतदाता कम हैं।
बांकीपुर, कुम्हरार व दीघा जैसे शहरी क्षेत्रों में महिला मतदाता अनुपात अपेक्षाकृत बेहतर है। मोकामा, फतुहा व पालीगंज विधानसभा क्षेत्रों में पुरुष व महिला मतदाताओं की संख्या में अंतर अपेक्षाकृत अधिक है।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित फुलवारी व मसौढ़ी सीटों पर भी महिला मतदाताओं की संख्या संतोषजनक कही जा सकती है।
महिलाओं व युवाओं को मतदाता बनाने का कार्य अब भी जारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डा. त्यागराजन एसएम ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी महिलाओं व युवाओं को मतदाता बनने के लिए फार्म 6 जमा करने को प्रेरित कराया जा रहा है।
नामांकन की अंतिम तिथि के दस दिन पहले तक जो लोग आवेदन करेंगे, उन्हें विधानसभा चुनाव में मतदान का अवसर मिलेगा। अधिक से अधिक नागरिक विधानसभा चुनाव में मतदान कर सकें इसके लिए प्रखंड स्तर तक के चुनाव अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने को कहा गया है।
| क्र.सं. | विधानसभा | पुरुष | महिला | थर्ड जेंडर | कुल | मतदान केंद्र |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 178 | मोकामा | 1,50,355 | 1,33,751 | 2 | 2,84,108 | 890 |
| 179 | बाढ़ | 1,54,168 | 1,36,767 | 2 | 2,90,937 | 887 |
| 180 | बख्तियारपुर | 1,56,973 | 1,39,402 | 5 | 2,96,380 | 888 |
| 181 | दीघा | 2,38,689 | 2,17,739 | 20 | 4,56,448 | 912 |
| 182 | बांकीपुर | 1,99,591 | 1,78,653 | 24 | 3,78,268 | 895 |
| 183 | कुम्हरार | 2,27,821 | 2,02,170 | 25 | 4,30,016 | 887 |
| 184 | पटना साहिब | 2,02,170 | 1,86,175 | 24 | 3,88,369 | 921 |
| 185 | फतुहा | 1,50,797 | 1,33,857 | 7 | 2,84,661 | 888 |
| 186 | दानापुर | 1,97,486 | 1,76,697 | 10 | 3,74,193 | 895 |
| 187 | मनेर | 1,75,428 | 1,56,023 | 10 | 3,31,461 | 889 |
| 188 | फुलवारी (एससी) | 2,03,389 | 1,80,735 | 14 | 3,84,138 | 889 |
| 189 | मसौढ़ी (एससी) | 1,70,611 | 1,54,531 | 0 | 3,25,142 | 906 |
| 190 | पालीगंज | 1,49,721 | 1,33,815 | 1 | 2,83,537 | 894 |
| 191 | बिक्रम | 1,63,164 | 1,44,459 | 13 | 3,07,636 | 885 |