यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CG Election 2023: एक ही चाल पर BJP और Congress, मोर्चा व प्रकोष्ठ के सहारे अपने-अपने समीकरण बैठने की कोशिश
CG Election 2023 आज से ठीक दो महीने पहले भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी माहौल बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। युवा मोर्चा को इसकी जिम्मेदार ...और पढ़ें

बिलासपुर, राधाकिशन शर्मा। राज्य की सत्ता पर कब्जा जमाए रखने के लिए सत्ताधारी दल ने अपनी कोशिशें तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपनी अनुषांगिक इकाइयों को आगे रखकर मतदाताओं को साधने की रणनीति बनाई है। कमोबेश कुछ इसी अंदाज में भाजपा आगे बढ़ने लगी है। दोनों ही दल मैदानी लड़ाई के लिए अपने क्षत्रपों को तैयार करने में जुट गए हैं। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा आक्रामक नजर आ रही है। प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए भाजपाई रणनीतिकारों ने मोर्चा व प्रकोष्ठ को जिम्मेदारी भी सौंप दी है।
आज से ठीक दो महीने पहले भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी माहौल बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। युवा मोर्चा को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। मोर्चा ने इसे बखूबी निभाया भी और सरकार के खिलाफ माहौल खड़ा करने में सफलता भी पाई। युवा बेरोजगारों को आगे रखकर बेराेजगारी भत्ता और नौकरी को लेकर माहौल बनाया। महिला मोर्चा ने महिला अस्मिता को लेकर प्रदेशव्यापी माहौल खड़ा करने में कसर नहीं छोड़ी।
न्यायधानी में हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया था। आरक्षण के मुद्दे को प्रदेश में गरमाने और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनाने में अजा व अजजा मोर्चा ने जमकर काम किया। आने वाले दिनों में महिला मोर्चा की खास भूमिका रहने वाली है। केंद्र सरकार की 15 महत्वपूर्ण योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और फीडबैक लेने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके लिए केंद्रीय टीम द्वारा मोर्चा की चुनिंदा पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रत्येक जिले से दो से तीन पदाधिकारियों को इसमें शामिल किया गया था।आनलाइन ट्रेनिंग के बाद इनको प्रमाण पत्र दिया गया है। रक्षाबंधन त्योहार के बाद महिलाएं प्रदेश में केंद्र की योजनाओं को लेकर माहौल खड़ा करने का काम करेंगी। प्रत्येक जिले में इसके लिए टीम बनाई गई है। ये टीम सीधे केंद्रीय कार्यालय के संपर्क में रहेगी।
खबरें और भी
सत्ताधारी दल की अपनी तैयारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आइटी सेल के अलावा महिला व किसान कांग्रेस को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। किसान कांग्रेस सहकारिता विभाग के साथ मिलकर किसानों से संपर्क साध रहे हैं और समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन में मदद कर रहे हैं। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ पांच क्विटंल अतिरिक्त धान खरीदने को भी बड़ा मुद्दा बना रहे हैं। किसानों से संपर्क साध रहे हैं और राज्य शासन की योजनाओं को उनके सामने रख रहे हैं। अजा,अजजा प्रकाेष्ठ आरक्षण सहित अन्य मुद्दों को विधानसभा क्षेत्र में जा रहे हैं। इनकी नजर अजा,अजजा बहुल विधानसभा सीटों पर लगी हुई है।
बिलासपुर व सरगुजा संभाग में विधानसभा क्षेत्र - 38
बिलासपुर संभाग में कुल सीट- 24
सरगुजा संभाग में कुल सीट- 14
कांग्रेस को मिली सीट- 27
भाजपा को मिली सीट- 07
जकांछ को मिली सीट- 02
बसपा को मिली सीट- 02
आरक्षण की स्थिति अनारक्षित 20
अजा 04
अजजा 14
भाजपा के मोर्चा व प्रकोष्ठ मोर्चा-
किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अजा मोर्चा, अजजा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा
प्रकोष्ठ
आर्थिक,व्यवसायी,विधि,आरटीआइ,सहकारिता,सांस्कृतिक,एनजीओ,व्यापार,बुनकर,झुग्गी झोपड़ी,चिकित्सा,शिक्षा,मछवारा ,पूर्व सैनिक,पंचायत,नगरीय निकाय प्रकोष्ठ
कांग्रेस की अनुषांगिक इकाई व प्रकोष्ठ
अनुषांगिक इकाई- सेवादल,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस व एनएसयूआइ प्रकोष्ठ- एसटी,एसी,ओबीसी,किसान कांग्रेस,राजीव गांधी पंचायती राज, खेल, अल्पसंख्यक, इंटक।