Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    CG Election 2023: कांग्रेस मंत्री से लड़ने के लिए BJP प्रत्याशी को जनता दे रही चंदा, बदल गई है इस सीट की आबोहवा

    By Jagran NewsEdited By: Shubham Sharma
    Updated: Mon, 23 Oct 2023 08:12 AM (IST)

    दुर्ग संभाग के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव रोचक मोड़ लेता जा रहा है। दरअसल यहां मंत्री मोहम्मद अकबर के मुकाबले में भाजपा ने विजय शर्मा को मैदान म ...और पढ़ें

    मंत्री से मुकाबले के लिए भाजपा प्रत्याशी को स्वस्फूर्त मिल रहा चंदा
    मंत्री से मुकाबले के लिए भाजपा प्रत्याशी को स्वस्फूर्त मिल रहा चंदा

    HighLights

    1. कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने विजय शर्मा को टिकट दिया है
    2. झंडा विवाद के बाद हिंदूवादी चेहरा बनकर उभरे थे विजय
    3. शुरुआती दौर में ही 20 लाख रुपये मिल चुके

    टी. सूर्याराव, भिलाई: दुर्ग संभाग के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव रोचक मोड़ लेता जा रहा है। दरअसल, यहां मंत्री मोहम्मद अकबर के मुकाबले में भाजपा ने विजय शर्मा को मैदान में उतारा है। 2021 के झंडा विवाद के दौरान विजय कट्टर हिंदूवादी चेहरा बनकर उभरे थे। उन्हें दो माह तक जेल में भी रहना पड़ा था। अभी वह जमानत पर हैं।

    20 लाख रुपये तक की मदद 

    माना जा रहा है कि भाजपा ने इसीलिए उन्हें टिकट दिया है। अब चूंकि उनका मुकाबला क्षेत्र के कांग्रेस के दबंग नेता अकबर से है, जिन पर झंडा विवाद को प्रश्रय देने का आरोप भाजपा लगाती रही है, इसलिए विजय को आम नागरिक स्वस्फूर्त आर्थिक मदद कर रहे हैं। शुरुआती दौर में ही विजय को मंडल की बैठकों के दौरान लोग 20 लाख रुपये तक की मदद दे चुके हैं।

    बदल गई है राजनीति की दिशा

    बता दें कि 2021 में कवर्धा में संप्रदाय विशेष के लोगों ने भगवा झंडा गिराकर पैरों से कुचलने और एक हिंदू युवक की हत्या का प्रयास किया था। विजय ने इस घटना के विरोध में मोर्चा खोला था। इस दौरान विजय के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था। भाजपा द्वारा उन्हें टिकट दे देने से यहां की राजनीति की दिशा ही बदल गई है। विजय इन दिनों जिस भी मंडल में जाकर पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं, वहां लोग स्वयं पहुंचकर व्यक्तिगत समर्थन करने के साथ ही उन्हें आर्थिक मदद भी कर रहे हैं।

    भाजपा पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने का आरोप

    इससे पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं का उत्साह बढ़ा हुआ है। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरणदास ने भाजपा पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया था। प्रदेश के कांग्रेस नेता भी यह कहते रहे हैं कि सरकार ने घटना के जिम्मेदारों को गिरफ्तार कर लिया था, जो आज जेल में बंद हैं।

    खबरें और भी

    कवर्धा में भाजपा के प्रत्याशी विजय शर्मा से बैठक के बाद मिलकर लोग स्वस्फूर्त आर्थिक मदद कर रहे, जिसे डायरी में राशि और नाम के साथ दर्ज किया जा रहा है।

    10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की आर्थिक मदद

    10 से 500 रुपये तक की मदद विजय शर्मा को मिलने वाली आर्थिक मदद 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। यानी एक आम नागरिक उन्हें अपने खर्चे में कटौती कर मदद कर रहा है। इस राशि को डायरी में बकायदा नाम के साथ दर्ज किया जा रहा है। इकट्ठे कोई बड़ी राशि नहीं दी जा रही है, इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता इस मदद को स्वस्फूर्त मिलने वाला चंदा कह रहे हैं।

    भाजपा के एक वोट एक नोट की तरह ही लोगों का कवर्धा में हमें समर्थन मिल रहा है। लोग स्वयं होकर आ रहे हैं और विजय शर्मा को मदद कर रहे हैं। जनता के इस तरह प्यार से भाजपा को काफी संबल मिल रहा है। - खूबचंद पारख, वरिष्ठ भाजपा नेता

    यह भी पढ़ेंः Chhattisgarh Election 2023: गरीबों के आशियाने पर फिर सियासत, BJP ने CM बघेल पर लगाया गंभीर आरोप